Haryana News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में अंबाला में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
अंबाला में आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन सुना और फिर मशाल यात्रा निकाली गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से सार्वजनिक जीवन में सेवा करते हुए उनके 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। इसी उपलक्ष्य में देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
देश के लिए किस क्षेत्र में अपनी सेवा दे सकता है- विज
अनिल विज ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प दिलाना है कि वह समाज और देश के लिए किस क्षेत्र में अपनी सेवा दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। प्रधानमंत्री हमेशा ‘मैं’ की बजाय ‘हम’ की बात करते हैं, जिसमें देश का हर नागरिक शामिल है। प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसके लिए हर क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
इस सेवा अभियान से जुड़कर अपना योगदान देना होगा- अनिल विज
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि विकसित भारत के इस संकल्प को साकार करने के लिए अब प्रत्येक नागरिक को इस सेवा अभियान से जुड़कर अपना योगदान देना होगा।