Haryana News: हरियाणा के करनाल जिले के असंध में वांटेड आरोपी और असंध CIA टीम के बीच मुठभेड़ है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, CIA टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि हिसार निवासी आरोपी संदीप जबाला से उपलाना रोड की तरफ मौजूद है। संदीप के खिलाफ स्नैचिंग के कई मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी को काबू कर लिया गया और प्राथमिक उपचार के बाद करनाल के कल्पना चावला अस्पताल रेफर किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। फिलहाल आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस आरोपी से जुड़े पुराने मामलों और मुठभेड़ की पूरी घटना की जांच कर रही है।