Haryana News: हरियाणा के कैथल में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई घटना के करीब 16 घंटे के भीतर की गई। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया।
जानकारी के अनुसार, कैथल के सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी में दिनदहाड़े दो युवकों पर चाकुओं से जानलेवा हमला किया गया था। शुरुआती जानकारी में हमले की वजह आपसी रंजिश बताई जा रही है। घायल दोनों युवक कैथल के गांव क्योड़क के रहने वाले बताए गए हैं। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान कैथल के राजौंद के पास पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि इस कार्रवाई को कैथल पुलिस की संयुक्त टीम CIA-1, SDU और AVT ने अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को काबू करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मुठभेड़ और चाकूबाजी की घटना को लेकर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।