BJP ने विनेश फोगाट के खिलाफ कैप्टन योगेश बैरागी को उतारा, जानें कौन हैं वो?

BJP ने विनेश फोगाट के खिलाफ कैप्टन योगेश बैरागी को उतारा, जानें कौन हैं वो?

Haryana Election: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में जुलाना विधानसभा क्षेत्र से कैप्टन योगेश बैरागी को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। यह कदम भाजपा की ओर से पहलवान विनेश फोगाट के खिलाफ सीधी टक्कर देने के लिए उठाया गया है, जिनका नाम कांग्रेस की पहली सूची में शामिल था।

कांग्रेस ने बीते शुक्रवार को अपनी पहली सूची जारी की थी, जिसमें विनेश फोगाट का नाम जुलाना से उम्मीदवार के रूप में शामिल था। विनेश फोगाट, जो कि चरखी दादरी जिले के बलाली की रहने वाली हैं, की ससुराल जुलाना में है। जुलाना में बख्ता खेड़ा गांव उनके पति सोमवीर राठी का पैतृक गांव है।

भाजपा के उभरते युवा नेता है कैप्टन योगेश बैरागी

कैप्टन योगेश बैरागी भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के उपाध्यक्ष हैं और भाजपा खेल प्रकोष्ठ (हरियाणा) के सह-संयोजक का भी पद संभालते हैं। उनकी पहचान जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता के रूप में है और उन्हें भाजपा के उभरते युवा नेताओं में गिना जाता है।

कैप्टन योगेश बैरागी 35साल के हैं और हरियाणा के जींद जिले के सफीदों के निवासी हैं। चेन्नई में आई बाढ़ के दौरान उन्होंने राहत और बचाव कार्य में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 'वंदे भारत' मिशन में भी सक्रिय भागीदारी की थी, जिसका उद्देश्य कोरोना महामारी के दौरान विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों को वापस लाना था। बैरागी ने भाजपा जॉइन करने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति स्नेह और भगवा दल की विचारधारा से प्रेरित होकर लिया।

भाजपा की नजर लगातार तीसरी जीत पर, कांग्रेस से कड़ी चुनौती

भाजपा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अब तक कुल 88 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। आज की सूची में 21 नए उम्मीदवारों के नाम जोड़े गए हैं, जबकि पहले की सूची में 67 उम्मीदवारों के नाम थे। भाजपा की रणनीति राज्य में लगातार तीसरी बार जीत दर्ज करने पर केंद्रित है, लेकिन कांग्रेस से कड़ी चुनौती की उम्मीद है। कांग्रेस सत्ता विरोधी लहर का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 अक्टूबर को होगा और मतगणना 8 अक्टूबर को की जाएगी।

Leave a comment