Haryana News: हरियाणा के गन्नौर शहर के शाहपुर तगा स्थित बाबा मोहनदास 108 गोशाला में दर्दनाक हादसे में दो मासूम भाइयों की जान चली गई। दोनों के शव वीरवार शाम को गोशाला परिसर में खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में मिले। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बिनौली गांव के रहने वाले संदीप के सात वर्षीय बेटे सागर और छह वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है। संदीप गोशाला में चारा डालने का काम करते हैं। वह एक दिन पहले ही परिवार के साथ गोशाला में आए थे।
बताया गया है कि गोशाला में शेड निर्माण के लिए पिलर लगाने के उद्देश्य से गड्ढा खोदा गया था। बारिश के कारण इसमें पानी भर गया था। वीरवार शाम को दोनों बच्चे खेलते हुए गड्ढे में गिर गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। काफी देर तक बच्चों का पता नहीं चलने पर गोशाला के कर्मचारियों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान दोनों गड्ढे में मृत मिले। हादसे की सूचना पर थाना बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मासूम बेटों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, खुशियां मातम में बदलीं
सात वर्षीय सागर और छह वर्षीय कार्तिक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दोनों मासूमों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। पिता संदीप गोशाला में चारा डालने का काम करते हैं। वह एक दिन पहले ही अपने परिवार के साथ गोशाला में आए थे। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यहां आने के अगले ही दिन परिवार को ऐसा असहनीय दुख झेलना पड़ेगा। जिन बच्चों की किलकारियों से घर-आंगन गूंजता था, उनकी मौत से परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। दो मासूम बेटों को खोने का दर्द माता-पिता के लिए शब्दों में बयां करना मुश्किल है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों की आंखें भी नम हैं। दोनों बच्चों की मौत ने हर किसी को गमगीन कर दिया।