
MSP Announce In Haryana: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने किसानों को हर फसल पर एमएसपी देने की बात कही है। सीएम सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार किसानों से हर फसल अब एमएसपी पर खरदेगी। किसान चाहे कोई भी फसल उगाते हों उन्हें वास्तविक मूल्य सरकार देगी। इस दौरान नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर भी हमला बोला है। बता दें, सरकार अभी 14 फसलों पर एमएसपी देती है। आने वाले समय में सरकार 24 फसलों पर एमएसपी देगी। गौरतलब है कि इन 24 फसलों को केंद्र सरकार भी एमएसपी पर खरीदती है।
क्या बोले सीएम नायब सिंह सैनी ने?
सीएम सैनी ने रविवार को कुरुक्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक 14 फसल हम एमएसपी पर खरीदते रहे हैं, लेकिन अब से 10 नई यानी कुल 24 फसलें हरियाणा सरकार एमएसपी पर खरीदेगी। साथ ही उन्होंने अपनी रैली को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और लिखा कि, कुरुक्षेत्र में उमड़ा जन सैलाब और आपका समर्थन हमारी नीतियों पर आपके भरोसे का प्रतीक है। इस पावन मौके पर हमने हरियाणा के किसानों के लिए कई युगांतरकारी घोषणाएं की हैं जिनमें सबसे प्रमुख घोषणा ये है कि अब हरियाणा के किसान की हर फसल को सरकार अब MSP पर खरीदेगा। किसान चाहे कोई भी फसल उगाते हों उन्हें MSP का वास्तविक मूल्य मिलेगा।
सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
"म्हारा हरियाणा नॉन स्टॉप हरियाणा" कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सैनी ने कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का झूठ और अफवाह सभी किसान भाईयों के सामने है। जहां भी कांग्रेस की सरकार हैं, वहां मात्र दो फसलों पर एमएसपी दी जाती हैं, वो भी एफसीआई के माध्यम से केंद्र सरकार पैसा देती है।साथ ही उन्होंने कहा किकिसान हित में मैं घोषणा करता हूँ कि ट्रांसफार्मर बदलने पर खर्चा प्रदेश के किसान भाइयों से नहीं लिया जाएगा। गौरतलब है कि हरियाणा में 10 सालों से भाजपा की सरकार है। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा नायब सिंह सैनी के चेहरे पर ही चुनावी मैदान में उतरेगी। वहीं, कांग्रेस भी लगातार चुनाव की तैयारी में जुटी हुई है। कांग्रेस के कई नेता लोगों के साथ जनसंपर्क करने में लगे हुए हैं।
Leave a comment