Ellenabad Road Accident: हरियाणा के ऐलनाबाद क्षेत्र में गांव मलेका के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, लेबर को लेकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली में सवार एक महिला की मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे चल रहा एक बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आ गया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल लोगों को उपचार के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल भेजा गया है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे में मृतकों और घायलों की पूरी पहचान तथा हादसे की विस्तृत परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।