Haryana News: हरियाणा के फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर, मलेरना रोड की गली में मारपीट और पथराव का CCTV वीडियो सामने आया है। CCTV में करीब 30 से 40 युवक एक वर्कशॉप के बाहर नजर आ रहे हैं, जो बंद शटर पर पत्थर और लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित गजेंद्र किराने की दुकान पर सामान लेने पहुंचा था। वहां पहले से मौजूद एक युवक से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट तक पहुंच गया। 22 सितंबर के शाम 6.30 बजे की घटना बताई जा रही है। आरोप है कि इसके बाद दूसरे पक्ष के युवक ने अपने कुछ साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद सभी युवक गजेंद्र की वर्कशॉप पर पहुंच गए। अपनी जान बचाने के लिए गजेंद्र वर्कशॉप के अंदर चला गया और शटर बंद कर लिया।
इसके बाद बाहर मौजूद युवकों ने बंद शटर पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और वर्कशॉप का शटर खुलवाकर अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकाला। पुलिस जब कुछ युवकों को अपनी गाड़ी में लेकर जाने लगी, तो आरोप है कि भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर भी पथराव कर दिया। पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
फिलहाल पीड़ित पक्ष की शिकायत पुलिस ने ले ली है। CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।