
Haryana MLA Death Threat: हरियाणा के बादली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक कुलदीप वत्स को फोन पर जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद विधायक कुलदीप वत्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि उन्हें फोन कॉल पर न सिर्फ भद्दी गालियां दी गईं, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी गई।
कुलदीप वत्स ने की कार्रवाई की मांग
कुलदीप वत्स के अनुसार, धमकी देने वाला व्यक्ति खुद को कानपुर का कुख्यात बदमाश रामचंद्र यादव बता रहा है। विधायक का कहना है कि इस आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को लिखित शिकायत सौंप दी है और आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्यों मिली धमकी?
विधायक कुलदीप वत्स ने बताया कि ये धमकी संत रामपाल से जुड़े एक मामले के कारण दी गई है। हाल ही में गिरावड़ गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया था, जहां संत रामपाल के समर्थकों द्वारा किसान मसीहा सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में विधायक ने संत रामपाल द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों की सराहना की थी। इसी बात से नाराज होकर बदमाश द्वारा धमकी देने की बात सामने आ रही है।
कई नेताओं को मिल चुका
कुलदीप वत्स ने कहा कि संत रामपाल की ओर से बादली विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बरसाती पानी की निकासी हेतु करीब 4 से 5 करोड़ रुपये के पंप सेट उपलब्ध कराए गए थे। किसानों और समाज के हित में किए गए इस कार्य की वह आगे भी खुलकर प्रशंसा करते रहेंगे। उन्होंने साफ कहा कि वह किसी भी तरह की धमकी से डरने या दबाव में आने वाले नहीं हैं। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि रामचंद्र यादव पहले भी हरियाणा के कई नेताओं को इसी तरह धमकियां दे चुका है।
कांग्रेस विधायक ने अन्य नेताओं से भी ऐसे मामलों में आगे आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से विधायक की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
Leave a comment