Haryana News: हरियाणा के भिवानी जिले के बवानीखेड़ा रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक 58 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा सुई और बवानीखेड़ा रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर नंबर 94 के 13-14 के मध्य हुआ। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि बवानीखेड़ा स्टेशन मास्टर के माध्यम से सुबह करीब 6 बजकर 55 मिनट पर सूचना मिली थी कि सुई और बवानीखेड़ा के बीच किलोमीटर नंबर 94 के 13-14 के मध्य एक अज्ञात व्यक्ति गिरा हुआ है। सूचना मिलते ही वह और एलएचसी मोहनिया मौके पर पहुंचे। वहां एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा मिला।मृतक की पहचान बड़ियाली गांव निवासी करीब 58 वर्षीय दलबीर पुत्र मेवा सिंह के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दलबीर रेलवे लाइन पार कर रहे थे, इसी दौरान अचानक ट्रेन आ गई और वह ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन और गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस जांच अधिकारी के मुताबिक परिजनों ने बताया कि दलबीर घर से खाना खाने के बाद आराम कर रहे थे। उनकी मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी और इसी वजह से वह घर से निकल गए थे। सुबह जब परिजनों ने उनकी तलाश की तो उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में रेलवे स्टेशन से मिली सूचना के आधार पर परिजन मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान की। पुलिस ने बताया कि मृतक खेतीबाड़ी का काम करते थे। परिवार में उनका बड़ा बेटा खेती करता है, जबकि छोटा बेटा आर्मी में नौकरी करता है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच अधिकारी राजेश ने आम जनता से अपील की है कि रेलवे लाइन को कभी भी लापरवाही से पार न करें। उन्होंने कहा कि अगर किसी जरूरी परिस्थिति में रेलवे लाइन पार करनी भी पड़े तो पहले दाएं-बाएं देखकर यह सुनिश्चित करें कि कोई ट्रेन तो नहीं आ रही है। कानों में ईयरफोन लगाकर, मोबाइल फोन पर बात करते हुए या मोबाइल में ध्यान लगाकर रेलवे लाइन पार न करें, क्योंकि ऐसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।