Greater Noida Bus Accident: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में के जेवर के पास यमुना एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस में आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। जबकि कई यात्री घायल हो गए। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर स्थिति को संभाली। लेकिन मामला शांत होने के बाद पुलिस जांच में एक बात सामने आई। पूछताछ के दौरान यात्रियों ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले बस के अंदर जलने की बदबू आ रही थी। उन्होंने इस बारे में बस चालक और कंडक्टर को बताया, लेकिन दोनों ने बात नहीं सुनी और दोनों केबिन के अंदर सिगरेट पीने लगे। जिसके बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं, जिनमें धारा 281, 125(बी), 105 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया और बस चालक एवं कंडक्टर को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले को लेकर कई और बड़ें खुलासे किए हैं।
बता दें, पुलिस जांच में जो जानकारी सामने आई है, वो चौंकाने वाली है। पुलिस जानकारी के अनुसार, बस का मालिक राजकुमार शर्मा मध्य प्रदेश के छतरपुर का रहने वाला है। बस का संचालन भी मध्य प्रदेश की राज कल्पना ट्रैवल्स कंपनी करती थी। लेकिन सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात बस का रजिस्ट्रेशन (BR32 PA8647) है, जो मध्य प्रदेश से नहीं बिहार के परिवहन विभाग में हुआ है। इसके अलावा बस का फिटनेस सर्टिफिकेट राजस्थान से जारी करवाया गया है। जबकि बस का पॉल्यूशन सर्टिफिकेट हरियाणा ने जारी हुआ।
Also read: UP News: CM योगी ने 'जनता दर्शन' में सुनीं फरियादियों की शिकायतें, भू-माफिया पर कार्रवाई के दिए निर्देश
इसके अलावा बस पर ट्रैफिक नियम तोड़ने के 1.75 लाख रुपये के 19 चालान जारी हो चुके हैं। जबकि बस नई दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा तक चलती थी। यानी कुल मिलाकर बस एक, लेकिन इसके तार मध्य प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से जुड़ रहे हैं। जो वाकई चौंकाने वाला है।
कहां-कैसे हुआ ये हादसा?
बता दें, BR32 PA8647 नंबर की ये स्लीपर बस, जिसमें लगभग 30-35 यात्री सवार थे, दिल्ली से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही थी। लेकिन जैसे ही बस जेवर कार्गो एयरपोर्ट के पास ही पहुंची, तभी अचानत बस में आग लग गई, जिस वजह से लोगों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने बस से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन कुछ लोग बस में ही फंसे रह गए। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हुई और कई लोग घायल भी हुई, जिन्हें पास के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।