
Haryana Rain: हरियाणा के अंबाला में आज बारिश आफत बनकर बरसी। लगभग 4 घन्टे में अंबाला शहर में हुई 200mm से अधिक बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया। हर तरफ पानी ही पानी नजर आया। जिसकी वजह से आम जनजीवन बुरी तरह अस्त व्यस्त हो गया। अंबाला में बाढ़ जैसे हालात बने तो परिवहन मंत्री असीम गोयल की टीम,बीजेपी जिला अध्यक्ष मनदीप राणा व अंबाला के उपायुक्त अधिकारियों को लेकर फील्ड में उतर गए और शहर की हालत देख अधिकारियों को खूब लताड़ा।
बारिश से पहले नालों की सफाई और पानी निकासी का दम भरने वाले अधिकारी आज दिनभर शहर में कहीं नजर नहीं आए। बाढ़ जैसे हालातों के बीच अधिकारियों ने शहर को लावारिस छोड़ दिया। जिसके बाद बिगड़ते हालातों को देखते हुए अंबाला के उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने सभी अधिकारियों को साथ लेकर शहर का दौरा किया। इस दौरान उपायुक्त का पारा हाई दिखाई दिया। उन्होंने लापरवाह अधिकारियों को जमकर लताड़ा और पानी की निकासी के बंदोबस्त तुरन्त करने के आदेश दिए। जानकारी देते हुए उपायुक्त ने माना कि नगर निगम द्वारा लगाए गए कई पंप नहीं चले। ऐसे में अब एक्स्ट्रा पंप लगाने के साथ साथ पानी निकासी के बंदोबस्त सुनिश्चित किये जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अंबाला शहर में सुबह से दोपहर तक 200mm से अधिक बारिश हुई है। जिसकी वजह से शहर में कई जगह जलभराव की समस्या पैदा हुई। उपायुक्त ने बताया कि जल्द से जल्द शहर में स्थिति सामान्य की जाएगी।
नदियों का बढ़ा जलस्तर
अंबाला शहर के एक तरफ घग्गर और दूसरी तरफ टांगरी नदी स्थित है। पहाड़ों में बारिश की वजह से इन दोनों नदियों का जलस्तर भी कुछ हद तक बढ़ा है। लेकिन यह अभी खतरे के निशान से काफी नीचे है। डीसी ने बताया कि सुबह सिरमौर में हुई बारिश का पानी मैदानी इलाके तक नदियों में आया था। लेकिन अभी और पानी आने की संभावना नहीं है।
Leave a comment