IND W vs ZIM W:भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस समय घर पर जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है। सीरीज के दूसरे मुकाबले में कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही और 19 रन तक 2 विकेट गिर गए।यहां से पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने एक छोर से पारी को संभाले रखा और शानदार शतकीय पारी खेली।
हरमनप्रीत ने 101 गेंदों में अपने वनडे करियर का 8वां शतक पूरा
इसी के साथ उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे में हरमनप्रीत को बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था, लेकिन दूसरे मैच में उन्होंने पूरी कसर निकाल दी। हरमनप्रीत ने 101 गेंदों में अपने वनडे करियर का 8वां शतक पूरा किया। उन्होंने 121 गेंदों में 15 चौकों की मदद से 126 रनों की बेहतरीन पारी खेली।इस शतक के साथ ही हरमनप्रीत कौर ने पूर्व कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़ दिया है। हरमनप्रीत अब महिला वनडे फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गई हैं।
Also read: लाहौर में हरी नहीं, गुलाबी जर्सी में उतरी पाकिस्तान की टीम, वजह जानकर हो जाएंगे हैरान
मिताली राज ने अपने करियर में 7 वनडे शतक लगाए थे
मिताली राज ने अपने करियर में 7 वनडे शतक लगाए थे, जबकि हरमनप्रीत के अब 8 शतक हो गए हैं। इस लिस्ट में पहले नंबर पर मौजूदा कप्तान स्मृति मंधाना हैं, जिन्होंने अब तक 14 शतक लगाए हैं। हरमनप्रीत ने इस शतक के साथ एक और खास रिकॉर्ड बनाया। वह महिला वनडे में शतक लगाने वाली चौथी सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने यह शतक 37 साल 231 दिन की उम्र में लगाया है। इस लिस्ट में पहले नंबर पर न्यूजीलैंड की बार्ब बेवेज हैं, जिन्होंने 1982 में 39 साल 48 दिन की उम्र में शतक लगाया था।हरमनप्रीत की इस पारी की बदौलत टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के सामने बड़ा स्कोर खड़ा किया। 37 साल की उम्र में भी उनकी फिटनेस और क्लास देखने लायक थी। फैंस भी सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।