
Grammy Awards 2024: दुनिया के सबसे सम्मानित म्यूजिक अवार्ड्स ग्रैमी अवार्ड्स 2024 में भारत का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। भारत के फ्यूजन बैंड 'शक्ति' को 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम' का अवार्ड मिला है। इस फ्यूजन बैंड में शंकर महादेवन, जॉन मैकलॉलिन, जाकिर हुसैन, वी सेल्वागणेश और गणेश राजगोपालन हैं। शक्ति बैंड के अलावा बांसुरी वादक राकेश चौरसिया को भी ग्रैमी अवार्ड मिला है।
66thग्रैमी अवार्ड में 'शक्ति'को उनके लेटेस्ट म्यूजिक एल्बम 'दिस मोमेंट' के लिए 'बेस्ट ग्लोबल म्यूजिक एल्बम' कैटगरी में विजेता घोषित किया। इस बैंड ने 45 सालों बाद अपना पहला एल्बम रिलीज किया था जिसने सीधा ग्रैमी अवार्ड हासिल किया। दरअसल, साल 1973 में इंग्लिश गिटारिस्ट जॉन मैकलॉलिन ने इंडियन वायलिन प्लेयर एल. शंकर, तबला वादक जाकिर हुसैन और टी.एच. 'विक्कू' विनायकराम के साथ इस बैंड की शुरुआत की थी।
46 सालों बाद रिलीज किया पहला एल्बम
लेकिन साल 1977 के बाद ये बैंड बहुत एक्टिव नहीं था। फिर साल 1997 में जॉन मैकलॉलिन ने एक बार फिर इसी कॉन्सेप्ट पर 'रिमेम्बर शक्ति' नाम से बैंड बनाया जिसमें वी. सेल्वागणेश (टी.एच. 'विक्कू' विनायकराम के बेटे), मैन्डलिन प्लेयर यू. श्रीनिवास और शंकर महादेवन को अपने साथ जोड़ा। फिर साल 2020 में ये बैंड फिर से एक साथ आया और शक्ति के तौर पर 46 सालों बाद अपना पहला एल्बम 'दिस मोमेंट' रिलीज किया।
जाकिर हुसैन ने जीता तीसरा ग्रैमी
तो वहीं भारत के मशहूर तबला वादक जाकिर हुसैन ने तीसरी बार ग्रैमी अपने नाम किया है। इससे पहले उन्होंने एल्बम 'प्लेनेट ड्रम्स' के लिए टी.एच. 'विक्कू' विनायकराम के साथ ग्रैमी जीता था। यही नहीं साल 2008 में उन्हें 'ग्लोबल ड्रम प्रोजेक्ट' के लिए ग्रैमी से नवाजा जा चुका है। वहीं इससे पहले साल 2022 में भारत को ग्रैमी अवार्ड्स मिले थे। जिसमें पी.ए. दीपक, रिक्की केज और स्टीवर्ट कोपलैंड के 'डिवाइन टाइड्स' को 'बेस्ट न्यू एज एल्बम' कैटेगरी में जीत मिली थी।
Leave a comment