
Indian Army : भारत सरकार ने सशस्त्र बलों के वीर जवानों को सम्मान देते हुए बड़ा फैसला लिया है। रक्षा अधिकारियों के मुताबिक, सेना मेडल, नौ सेना मेडल और वायुसेना मेडल से सम्मानित जवानों को रेलवे में आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी।
सरकार द्वारा जारी आदेश के तहत इन वीरता पदक विजेताओं को फर्स्ट क्लास, सेकेंड एसी और एसी कोच में बिना किसी शुल्क की यात्रा करने की अनुमति होगी। विशेष बात यह है कि पदक विजेता के साथ एक सहयोगी भी मुफ्त यात्रा कर सकेगा।
पहले छह चक्र तक सीमित थी सुविधा
अब तक आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा केवल परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, किर्ती चक्र और शौर्य चक्र पुरस्कार विजेताओं को दी जाती थी। अब सरकार के नए आदेश के तहत सेना, नौसेना और वायुसेना के वीरता पदक विजेता भी इसी श्रेणी में शामिल कर लिए गए हैं। जानकारों का कहना है कि यह कदम सशस्त्र बलों के जवानों का मनोबल बढ़ाने वाला होगा। वहीं, रेलवे वीरता पदक पुरस्कार विजेता सेना के जवानों के लिए कॉम्प्लिमेंट्री लाइफटाइम रेल पास/कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
परिवार को मिलेगा लाभ
यह सुविधा सिर्फ पुरस्कार विजेताओं तक सीमित नहीं है। आदेश के तहत अगर पुरस्कार विजेता का निधन हो चुका है, तो उनके जीवनसाथी को पुनर्विवाह तक यह सुविधाएं जारी रहेगी। अविवाहित मरणोपरांत पुरस्कार विजेताओं के माता-पिता भी इस सुविधा के योग्य होंगे। इस फैसले के प्रति सरकार के सम्मान और आभार के रूप में देखा जा रहा है। इससे जवानों और उनके परिवारों को यह संदेश जाएगा कि देश उनके बलिदान और सेवा को भूलेगा नहीं बल्कि हमेशा याद रखा जाएगा।
Leave a comment