FSSAI Inspection: दिल्ली के एयरोसिटी इलाके में खाद्य सुरक्षा को लेकर किए गए निरीक्षण में कई चौंकाने वाली कमियां सामने आई हैं। सूत्रों के अनुसार, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की टीम ने एयरोसिटी के दो प्रमुख होटलों की रसोई का निरीक्षण किया। इस दौरान रसोई में दुर्गंध, तिलचट्टे और मक्खियां मिलने के साथ-साथ खाद्य पदार्थों को रखने में भी कई लापरवाहियां पाई गईं। निरीक्षण के दौरान शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को अलग-अलग रखने की व्यवस्था में कमी पाई गई। सूत्रों के मुताबिक, रसोई से दुर्गंध आ रही थी और कई जगहों पर तिलचट्टे और मक्खियां भी मिलीं। खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत इस तरह की स्थिति को गंभीर लापरवाही माना जाता है।
87 किलो एक्सपायरी मिठाई मिली
जांच के दौरान मिठाई वाले हिस्से में करीब 87 किलो एक्सपायरी मिठाइयां मिलीं। इन मिठाइयों को टीम ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। इसके अलावा कुछ ब्रेड के पैकेटों पर एक्सपायरी डेट के स्टिकर लगाए गए थे। पेस्ट्री सेक्शन में एक्सपायरी डेट वाले केक बेस के साथ मक्खियां और कॉकरोच भी पाए गए।
एक अन्य होटल में 59 कमियां
एयरोसिटी के एक अन्य प्रतिष्ठान में भी खाद्य सुरक्षा टीम को कई खामियां मिलीं। सूत्रों के अनुसार, करीब दो दिन तक चले निरीक्षण में कुल 59 कमियां दर्ज की गईं। कुछ खाद्य उत्पादों के लिए जरूरी FSSAI लाइसेंस या मंजूरी उपलब्ध नहीं थी। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों की लेबलिंग में भी नियमों का पालन नहीं किया गया था।
सड़े फल और खुले में रखा खाना
निरीक्षण के दौरान फफूंदी लगे सेब और सड़े हुए टमाटर भी मिले। कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे गए थे। शाकाहारी और मांसाहारी भोजन को स्टोर करने के तरीके में भी खामियां पाई गईं। बेकरी में तिलचट्टे और टूटे हुए डिब्बे मिलने की जानकारी भी सामने आई है।
महाराष्ट्र में भी हुई कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा को लेकर अलग-अलग राज्यों में लगातार जांच की जा रही है। महाराष्ट्र में ‘सेफ फूड सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत छत्रपति संभाजीनगर के क्रांति चौक स्थित एक प्रतिष्ठान का FSSAI लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। निरीक्षण में रसोई में कटा हुआ और बदबूदार पनीर मिला था। इस पनीर पर वैधता या इस्तेमाल की तारीख भी दर्ज नहीं थी। अधिकारियों के अनुसार, खराब पनीर में नमी और प्रोटीन अधिक होने के कारण हानिकारक सूक्ष्मजीव तेजी से बढ़ सकते हैं। ऐसे मामलों में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन बेहद जरूरी है।
Also read: Egg Price:प्याज और चीन के बाद महंगा हुआ अंडा, मंहगाई के मोर्चे पर आम आदमी को लगी एक और चोट!