Cambodia: होटल में आग लगने से बड़ा हादसा, जिंदा जले 10 लोग, 30 गंभीर रूप से घायल

कंबोडिया के पोइपेट में एक बड़ा हादसा हुआ है। शहर के ग्रैंड डायमंड सिटी होटल और कसीनो में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हादसे में लगभग 30 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के वक्त लोगों को खिड़की से खुदकर जान बचाते हुए भी देखा गया। वहीं 50 से ज्यादा लोगों के अभी भी फंसे होने की आशंका है।
कंबोडिया और थाईलैंड के सीमांत शहर पोइपेट में स्थित ग्रैंड डायमंड सिटी होटल और कसीनो में बुधवार शाम 4:30 बजे के करीब आग लगी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, घटना के समय होटल में कई लोग मौजूद थे। आग लगने के कारणों की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। लेकिन, आग लगने से होटल की बिल्डिंग को बड़ा नुकसान हुआ है।
जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे लोग
स्थानीय मीडिया के अनुसार, आग लगने के बाद कई लोगों को जान बचाने के लिए होटल के कमरों की खिड़कियों से कूदता भी हुआ देखा गया। इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। भयंकर आग की लपटों ने 70 फीसदी होटल को अपनी चपेट में ले लिया है।
थाई विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि कुछ घायलों को थाईलैंड के सा एओ प्रांत के अस्पतालों में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पोइपेट कंबोडिया और थाईलैंड के बीच एक महत्वपूर्ण सीमांत शहर है। यहां कई नामी कसीनो और होटल हैं जहां अक्सर थाई नागरिक आते हैं।
Leave a comment