
Farmers Protest: किसान आंदोलन एक बार फिर से तेज हो गया है। किसानों की गिरफ्तारी के विरोध में आज महापंचायत होने वाली है। अपनी मांगों को लेकर किसान दिल्ली कूच पर अड़े हैं। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस उन्हें लाख रोकने की कोशिश कर रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार को किसानों की समस्याओं का समाधान खोजने के लिए 5 सदस्यीय समिति का गठन किया।
बता दें. यह कमेटी अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के प्रमुख सचिव आईएएस अनिल कुमार सागर की अध्यक्षता में बनाई गई है। समिति में पीयूष वर्मा विशेष सचिव अवस्थापना व औद्योगिक विकास, संजय खत्री ACEO नोएडा व सौम्य श्रीवास्तव ACEO ग्रेटर नोएडा, कपिल सिंह ACEO YEIDA भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि समिति एक महीने में रिपोर्ट और अनुशंसा सरकार के सामने प्रस्तुत करेगी।
दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर किसानों का प्रदर्शन
संयुक्त किसान मोर्चा, भारतीय किसान परिषद और किसान मजदूर मोर्चा के नेतृत्व में पश्चिम उत्तर प्रदेश के करीब 5 हजार किसानों ने हाल ही में दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर प्रदर्शन किया। किसान दिल्ली मार्च करना चाहते हैं। किसानों ने प्रशासन को एक सप्ताह की मोहलत दी है।
मुआवजे में 64% बढ़ोतरी की मांग
किसानों की मुख्य मांग 1997 से 2008 के बीच सरकार की ओर से किए गए जमीन अधिग्रहण से जुड़ी हुई है। किसानों का कहना है कि आवासीय और इंडस्ट्रियल एरिया डेवलप बनाने के लिए जो जमीन किसानों की ली गई है। उसका 10% प्लॉट के रूप में डेवलप किया जाए और मूल स्वामित्व वाले किसानों को दिया जाए। ऐसे में किसानों ने मुआवजे में 64% बढ़ोतरी की मांग की है।
भारतीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष क्या बोले?
मिली जानकारी के अनुसार, किसानों ने आज नोएडा के महामाया फ्लाईओवर पर धरने पर बैठने का ऐलान किया है। आज दोपहर 12 बजे महामाया फ्लाईओवर पर हजारों की संख्या में किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, भारतीय किसान मोर्चा के अध्यक्ष नरेश टिकैत का कहना है कि किसानों की मांगें जायज हैं और उन मांगों को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
Leave a comment