
Earthquake: तुर्की और सीरिया में आए भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा अब तक 21 हज़ार के पार हो चुका है। तुर्की के उप राष्ट्रपति फुआत ओकटे के मुताबिक देश में भूकंप से 17 674 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं सीरिया में अब तक 3,377 लोग मर चुके है। दोनों देशों में आए विनाशकारी भूकंप ने हज़ारों लोगों को बेघर कर दिया है। ठंड में लोग भूख से जूझ रहे हैं।
बीते सोमवार को आए भूकंप ने कड़ाके की ठंड में तुर्की और सीरिया में हज़ारों लोगों को बेघर कर दिया है। भूकंप में अपना सबकुछ गंवा चुके लोग भीषण ठंड और भूख का भी सामना कर रहे हैं। 4 दिन पहले आए भूकंप के बाद से अब तक देशों में राहत एवं बचाव कार्य जारी है।विश्व बैंक ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए तुर्की को 1.78 अरब डॉलर की मदद देने का वादा किया है।
खंडहर बन गए तीन प्राचीन शहर
बताया जा रहा है कि तुर्की में पिछले 100 साल में आई ये पहली आपदा है। जिंदगियों को बचाने की जद्दोजहद के तहत बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। दोनों देशों में आए विनाशकारी भूकंप ने तीन प्राचीन शहरों को पूरी तरह से खंडहर में तब्दील कर दिया है।
ये शहर हैं- अंताक्या, सान्लिउर्फा और अलेप्पो, जो सबसे ज्यादा भूकंप प्रभावित शहरों में से हैं। दक्षिण मध्य तुर्की के अंताक्या शहर की आबादी करीब 2.50 लाख थी। इस शहर का एक बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो चुका है।
इसी तरह पूर्व में सान्लिउर्फा का भी यही हाल है। इस शहर को सीरियाई संस्कृति का प्रमुख केंद्र माना जाता था। वहीं, दुनिया के सबसे पुराने शहरों में से एक माना जाने वाला अलेप्पो शहर भी इस समय खंडहर बन चुका है। भूकंप से पहले सीरिया का दूसरा यह सबसे बड़ा शहर गृह युद्ध में 2012-2016 के बीच भी क्षतिग्रस्त हो गया था।
Leave a comment