महायुति में तकरार जारी, अमित शाह की बैठक में नहीं पहुंचे एकनाथ शिंदे; मंत्रालय को लेकर फंसा पेंच

महायुति में तकरार जारी, अमित शाह की बैठक में नहीं पहुंचे एकनाथ शिंदे; मंत्रालय को लेकर फंसा पेंच

Maharashtra Politics: महाराष्ट्र में सरकार बनने के बाद भी महायुति में तकरार कम होता नजर नहीं आ रहा है। गठबंधन सरकार में अब मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है। माना जा रहा है कि कुछ बड़े मंत्रालयों को लेकर डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भाजपा से नाराज हो गए हैं। यहां तक की दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ हुई बैठक तक में शिंदे नहीं आए।

देवेंद्र फडणवीस महायुति के सहयोगियों के साथ मंत्रालयों के बंटवारे को लेकर बीते दिन भाजपा आलाकमान से बातचीत करने दिल्ली पहुंचे थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैठक में एनसीपी प्रमुख अजित पवार भी पहुंचे लेकिन, शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे गायब रहे। माना जा रहा है कि शिंदे अभी तक बड़े पदों के लिए अड़े हुए हैं।

बड़े पदों के लिए अड़े शिंदे

शिंदे के करीबियों का कहना है कि उनकी पार्टी को केवल एक ही बड़ा मंत्रालय शहरी विकास विभाग दिया जा रहा है। शिंदे पहले गृह मंत्रालय पर अड़े थे लेकिन, अब भाजपा द्वारा इसे न देने की बात खुलकर कहे जाने के बाद वो दूसरे मंत्रालयों को अपने पास रखने की कोशिश कर रहे हैं। शिवसेना राजस्व, लोक निर्माण, आवास और उद्योग जैसे बड़े मंत्रालय की जिद्द पर अड़ी है।   

शिंदे इस बात से खफा                                          

वहीं, शिंदे भाजपा की उस शर्त पर भी नाराज हैं, जिसमें ये कहा गया है कि जिन नेताओं पर पिछली सरकार में भ्रष्टाचार के आरोप लगे उन्हें मंत्री पद नहीं बनाया जाएगा। बता दें कि फडणवीस ने बीती रात अमित शाह से मंत्रिपरिषद को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात की लेकिन, शिंदे की अनुपस्थिति से इस बात पर राजनीति गलियारों को गरमा दिया है कि शिवसेना द्वारा सीएम पद छोड़े जाने के बाद भी महायुति में सब कुछ सही नहीं चल रहा है।                                                              

Leave a comment