Delhi News: मुख्य चुनाव आयोग ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध मार्च के चलते दिल्ली के कई इलाकों में यातायात व्यवस्था बदली गई है। ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग करते हुए कई जगहों पर वाहनों के रूट डायवर्ट किए हैं। पुलिस ने लोगों से प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने और सफर के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को प्राथमिकता देने की अपील की है। साथ ही, संभावित जाम को देखते हुए यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपना रूट जांचने और सामान्य से अधिक समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।
पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, कनॉट प्लेस, पटेल चौक- मुख्य डाक घर, विंडसर प्लेस- मुख्य डाक घर, अशोक रोड, जंतर-मंतर रोड और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। एडवाइजरी के साथ पुलिस ने लोगों को इन इलाकों से बचने की सलाह दी है। साथ ही डायवर्जन, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक जाम के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बैरिकेडिंग और यातायात डायवर्जन के कारण कनॉट प्लेस, पटेल चौक, पार्लियामेंट स्ट्रीट, पटेल चौक-जीपीओ, विंडसर प्लेस-जीपीओ, अशोक रोड, जंतर मंतर रोड और आसपास के क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। दिल्ली यातायात पुलिस ने यात्रियों को प्रभावित क्षेत्रों से अनावश्यक यात्रा से बचने और डायवर्जन, बैरिकेडिंग और जाम की आशंका रखने की सलाह दी है।
पुलिस ने लोगों को दी सलाह
दिल्ली में प्रदर्शन के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रभावित इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ने के साथ कई जगह रास्ते बदले जा सकते हैं और बैरिकेडिंग के कारण जाम की स्थिति भी बन सकती है। पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे जरूरी होने पर ही इन मार्गों का इस्तेमाल करें और निकलने से पहले रूट की स्थिति जांचकर पर्याप्त समय के साथ यात्रा शुरू करें।