
Delhi Temperature Dropped: देश के कई हिस्सों में इस समय ठंड का अहसास होने लगा है। वहीं, दिल्ली में तापमान में तेजी से कमी और कोहरे के साथ अचानक कंपकपाने वाली ठंड की शुरुआत हो गई है। बता दें, पहाड़ी इलाकों से आने वाली ठंडी हवा के चलते राजधानी के तापमान में तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है। IMD की मानें तो आज दिल्ली में मौसम की सबसे ठंडी सुबह रही और तापमान में काफी गिरावट देखी गई।
IMD ने सफदरजंग और पालम में न्यूनतम तापमान दर्ज किया। जो पिछले दिनों की तुलना में काफी गिरावट दर्शाता है। IMD ने बताया कि सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। यह पिछले 24 घंटों से 3.1 डिग्री सेल्सियस की भारी गिरावट को दर्शाता है। जो सामान्य स्तर से 5 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं, पालम में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो 1.6 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्शाता है और मौसमी औसत से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।
दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट
इन दिनों दिल्ली का मौसम कुछ ज्यादा ही ठंडा हो गया है। वहीं, आज के तापमान में गिरावट दिल्ली में मौसम की पहली शीत लहर की शुरुआत का संकेत है। बता दें, मैदानी इलाकों में शीत लहर तब घोषित की जाती है, जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक नकारात्मक विचलन देखता है। या जब तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है।
बता दें, मौसम विभाग ने पहले ही बता दिया था कि 10 से 14 दिसंबर के बीच दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य क्षेत्रों में शीतलहर (कोल्ड वेव) के दस्तक देने का अनुमान है। जिससे ठंड और अधिक तीव्र हो सकती है। IMD का कहना है कि तापमान में अचानक गिरावट का कारण हिमालय से आने वाली ठंडी हवाएं हैं, जिससे राजधानी में सर्दी बढ़ गई है।
Leave a comment