
मंगोलपुरी: दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई। जब मंगोलपुरी थाने से महज कुछ दूरी पर कला मंदिर के पास पार्क में एक युवक का शव मिला। देखते ही देखते घटनास्थल पर आस पास के लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद मंगोलपुरी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, और देखा कि एक युवक लहूलुहान हालत में पार्क में जमीन पर पड़ा था।
युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी हुई थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की लेकिन शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिसके बाद मौके पर क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का मुआयना कर सभी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती तौर पर शव के हालात को देखकर लगता है कि युवक के सिर पर गाड़ी चढा दी गई हो। चश्मदीदों की माने तो देखकर लग रहा है कि शव यहां देर रात से ही पड़ा है, और लगता है कि किसी ने इसकी हत्या की है। हालांकि पुलिस द्वारा इस मामले में अभी किसी भी तरह की कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बहरहाल अब ये साजिश के द्वारा की गई हत्या है या हादसा यह तो जांच के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल जांच में फॉरेंसिक टीम, क्राइम टीम और लोकल पुलिस द्वारा पार्क के आसपास के सीसीटीवी कैमरा और पार्क के मिट्टी और ब्लड के सैंपल को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही पुलिस ने युवक के शव को भी कब्जे में ले लिया है और संजय गांधी स्थित मोर्चरी में रखवा दिया है। इसके अलावा पुलिस अब युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के थानों से मिसिंग रिपोर्ट के रिकॉर्ड को भी चेक कर रही है।
Leave a comment