मुख्यमंत्री ने दिया समरसता का संदेश, कहा: विकास और संस्कृति दोनों हमारे शासन की पहचान हैं

मुख्यमंत्री ने दिया समरसता का संदेश, कहा: विकास और संस्कृति दोनों हमारे शासन की पहचान हैं

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगोलपुरी विधानसभा में एक विशेष कार्यक्रम में महर्षि दुर्बलनाथ धाम सेंटर का नामकरण व महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा का अनावरण किया और कहा कि एक ओर संत दुर्बलनाथ जी ने समाज को एकता और मानवता का संदेश दिया, वहीं महाराजा अग्रसेन जी ने सेवा और समरसता को जीवन का उद्देश्य बनाया। दोनों की प्रेरणा से मंगोलपुरी क्षेत्र आज विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद योगेंद्र चंदोलिया, विधायक व दिल्ली ग्रामीण विकास बोर्ड के अध्यक्ष राजकुमार चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा व गणमान्य जन उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ एक उद्घाटन समारोह नहीं, बल्कि दिल्ली की सामाजिक एकता, सेवा और संस्कृति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि मंगोलपुरी क्षेत्र के विकास के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने ग्रामीण विकास समिति के माध्यम से राजधानी के ग्रामीण इलाकों में 1000करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य केवल शासन चलाना नहीं, बल्कि हर वर्ग के समग्र विकास और उत्थान को सुनिश्चित करना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व और आशीर्वाद दिल्ली के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उनके मार्गदर्शन में दिल्ली सड़क, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसेवा के हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने इस वर्ष छठ महापर्व, वाल्मीकि जयंती, रामलीलाओं और दीपावली पर्व के अवसर पर दीपोत्सव जैसे आयोजनों को भव्य रूप से मनाकर दिल्ली को संस्कृति और अध्यात्म का केंद्र भी बना दिया है। अयोध्या के बाद सबसे भव्य दीपोत्सव दिल्ली में मनाया गया, जहां इंडिया गेट कर्तव्य पथ पर सवा लाख दीपों की रोशनी और प्रभु श्रीराम पर आधारित ड्रोन शो ने यह संदेश दिया कि दिल्ली में भी रामराज्य की भावना जीवित है।

छठ पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को इस महापर्व की शुभकामनाएं दी और कहा कि छठ की यह रौनक और भव्यता दिल्लीवासियों के दिलों को सुकून देने वाली है। उन्होंने प्रार्थना की कि छठी मइया का आशीर्वाद समस्त दिल्लीवासियों पर बना रहे, जिससे दिल्ली सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहे।

Leave a comment