
Dehradun News: देहरादून में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने धामी को “धुरंधर धामी” बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य ने कई क्षेत्रों में तेजी से विकास किया है। यह बयान उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में दिया गया। राजनाथ सिंह ने कहा कि चुनाव के समय उन्होंने विश्वास जताया था कि धामी के नेतृत्व में बीजेपी जीत हासिल करेगी और ऐसा ही हुआ, पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला।
धामी साधारण नहीं- राजनाथ
उन्होंने कहा, मैंने पहले भी कहा था कि हमारे धामी साधारण नहीं हैं, वे धाकड़ धामी हैं और अब उन्हें ‘धुरंधर धामी’ कहा जाना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड आज कई क्षेत्रों में देश में एक मजबूत पहचान बना चुका है। अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने उत्तराखंड की विशेषता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यह राज्य “देवभूमि” है, जो आस्था, आध्यात्म और संस्कृति के लिए जाना जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि जब वे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उसी दौरान उत्तराखंड का गठन हुआ था।
पीएम की नीति का समर्थन किया
साथ ही उन्होंने वैश्विक हालातों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया संकट के दौर से गुजर रही है, खासकर पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को लेकर। इस पर उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की नीति का समर्थन करते हुए कहा कि समस्याओं का समाधान युद्ध से नहीं, बल्कि बातचीत और कूटनीति से होना चाहिए। राजनाथ सिंह ने यह भी कहा कि मौजूदा वैश्विक संकट के कारण भारत को ऊर्जा और खाद की कमी का सामना करना पड़ सकता था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता के चलते देश इस संकट से बचा हुआ है।
राजनाथ ने की लोगों से ये अपील
उन्होंने लोगों से अपील की कि देश और राज्य के विकास के लिए सरकार के प्रयासों का समर्थन करें। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और सरकार की उपलब्धियों को साझा किया गया।
Leave a comment