CNG Price Hike: पश्चिम एशिया चल रहे तनाव की वजह से पूरे विश्व में महंगाई चरम पर है। इसी बीच देश की जनता को एक और बड़ा झटका लगा है। देश में CNG के दामों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने राजधानी में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत में ₹3.89 प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की है। नए दाम 29 अगस्त 2026 को सुबह 6 बजे से लागू हो गए हैं। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में गैस की कीमतों में तेज उछाल और इनपुट गैस लागत बढ़ने के चलते यह संशोधन किया गया है।
दिल्ली में CNG के दाम ₹83.09 प्रति किलो
IGL के अनुसार, दिल्ली में CNG की खुदरा कीमत पहले ₹77.09 प्रति किलोग्राम थी, जो अब बढ़कर ₹83.09 प्रति किलोग्राम हो गई है। यानी कीमत में करीब 7.8 फीसदी की वृद्धि हुई है। कंपनी का कहना है कि यह बढ़ोतरी वैश्विक गैस बाजार में आई भारी तेजी की तुलना में काफी सीमित है।
वैश्विक गैस कीमतों में भारी उछाल
IGL ने बताया कि पश्चिम एशिया में बढ़ते संघर्षों के बीच वैश्विक स्पॉट LNG बाजार में कीमतों में काफी तेजी आई है। होर्मुज जलडमरूमध्य के जरिए LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित होने और यूरोप में सर्दियों से पहले मांग बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय बाजार पर दबाव बढ़ा है।
आंकड़ों के मुताबिक, यूरोप के TTF गैस बेंचमार्क में कीमत करीब $11.36/MMBtu से बढ़कर $23.35/MMBtu हो गई है। वहीं, एशिया के JKM LNG बेंचमार्क में कीमत करीब $10.99/MMBtu से बढ़कर $23.41/MMBtu पहुंच गई। यानी दोनों बाजारों में गैस की कीमत लगभग दोगुनी हो गई है।