‘फूल वालों की सैर’की परंपरा के तहत सीएम रेखा गुप्ता का हुआ सम्मान, कपिल मिश्रा बोले- यह उत्सव हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत

‘फूल वालों की सैर’की परंपरा के तहत सीएम रेखा गुप्ता का हुआ सम्मान, कपिल मिश्रा बोले- यह उत्सव हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत

CM Rekha Honored: दिल्ली की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और गंगा-जमुनी तहजीब के प्रतीक ऐतिहासिक उत्सव ‘फूल वालों की सैर’ के अंतर्गत आज दिल्ली सचिवालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पारंपरिक शहनाई की गूंज के बीच ‘अंजुमन सैर-ए-गुल फरोशां’ के सदस्यों द्वारा पारंपरिक रूप से शहनाई वादन के साथ फूलों के पंखे भेंट कर सम्मानित किया गया। शहनाई की मधुर धुनों के बीच आयोजित इस समारोह ने दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सौहार्द्र की भावना को पुनः जीवंत कर दिया।

क्या बोलीं सीएम रेखा

इस अवसर पर दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा सहित अन्य गणमान्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फूल वालों की सैर केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि दिल्ली की साझा सांस्कृतिक विरासत और सद्भाव की अद्भुत मिसाल है। यह परंपरा हमें याद दिलाती है कि विविधताओं से भरी हमारी संस्कृति में एकता और भाईचारे की भावना सदैव सर्वोपरि रही है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी की ऐतिहासिक परंपराओं और सांस्कृतिक आयोजनों को संरक्षित और प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं और समाज में आपसी सम्मान और सौहार्द्र की भावना को मजबूत करते हैं।

कपिल मिश्रा ने फूल वालों की सैर उत्सव को सराहा

दिल्ली सरकार के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि फूल वालों की सैर का यह उत्सव हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का काम करता है। यह आयोजन समाज में सद्भाव, एकता और भाईचारे का संदेश देने वाली ऐतिहासिक परंपरा है। इससे दिल्ली की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर मिलता है।

इस वर्ष ‘फूल वालों की सैर 2026’ का आयोजन 15 मार्च से 21 मार्च 2026 तक किया जा रहा है, जिसके दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

Leave a comment