चीन ने चली भारत के खिलाफ चाल, पाकिस्तान को दी परमाणु बम दागने वाली तोप

चीन और पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ एक बेहद खतरनाक चाल चली है। बता दें कि, चीन न केवल पाकिस्तान के अंदर भारतीय सीमा पर बंकर बनाने में मदद कर रहा है बल्कि उसे घातक ड्रोन भी पहुंचा रहा है, इसके साथ ही कम्युनिकेशन टॉवर और अंडरग्राउंड केबल भी बिछा रहा है। वहीं चीन ने सबसे खतरनाक चाल यह चली है कि पाकिस्तान को परमाणु बम के गोले दागने में सक्षम तोप दी है, जिसे पाकिस्तान ने भारत से लगती LOC पर तैनात भी कर दिया है। जानकारी के अनुसार इस तोप का नाम SH-15 है और इसे चीन की एक हथियार बनाने वाली कंपनी जिसका नाम नोरिंको है उसने बनाया है।
दागो और भाग जाओ की रणनीति!
भारतीय सेना के अधिकारियों ने खुलासा किया है कि पाकिस्तान से लगती LOC पर अब जगह- जगह SH-15 चीनी तोप दिखाई देने लगी है। इससे पहले पिछले साल पाकिस्तान डे पर इस तोप का प्रदर्शन किया गया था। यह 155 मिलीमीटर की तोप ट्रक पर लदी होती है और 'दागो और भाग जाओ' की रणनीति पर काम करती है। माना जा रहा है कि, पाकिस्तान ने चीन की कंपनी से 236 ऐसी तोप लेने का समझौता किया है। वहीं पाकिस्तान को इन तोप के दो बैच अब तक मिल भी चुके हैं और अब वह इन तोपों की LOC पर हर जगह तैनाती कर रहा है।
भारत की K9 से निपटने के लिए पाकिस्तान ने खरीदी SH-15
चीन में बनी तोप 'SH-15' एक PCL-181 का एक्सपोर्ट वेरिएंट है। बीते 23 मार्च को पाकिस्तान ने इस चीनी तोप का इस्लामाबाद में आयोजित परेड में प्रदर्शन भी किया था। रक्षा विशेषज्ञों की मानें तो SH-15 तोप का वजन 22 टन है और यह तोप सड़क पर 90 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से चल सकती है। इस तोप में डिजिटल फायर कंट्रोल सिस्टम भी लगा हुआ है, इसमें सेमी ऑटोमेटिक लोडर सिस्टम भी लगा हुआ है जिससे तोप के अंदर गोले लोड करने में बहुत ही कम समय लगता है। तोप बनाने वाली चीनी कंपनी का दावा है कि इस तोप को पहाड़ों पर भी तैनात किया जा सकता है। नोरिंको की मानें तो SH-15 तोप एक मिनट में 4 से 6 गोले दाग सकती है और इसकी मारक क्षमता 53 किमी है। पाकिस्तान ने भारत की K9 वज्र तोप का जवाब देने के लिए इसे चीन से खरीदा है। बता दें कि, भारत की K9 वज्र तोप दक्षिण कोरिया ने बनाई है जो इसी तरह की घातक मारक क्षमता से लैस है। इतना ही नहीं, भारत ने सैकड़ों की तादाद में इस K9 वज्र तोप को पाकिस्तान की सीमा से लेकर चीन की सीमा तक तैनात कर रखा है। और इन्हीं सब से घबराकर पाकिस्तान ने अब SH-15 तोप खरीदी है।
Leave a comment