Bonus Announced For Post Office Workers:केंद्र सरकार ने डाक विभाग के कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ी राहत देते हुए वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 60 दिनों के वेतन के बराबर प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस (PLB) देने की घोषणा की है। संचार मंत्रालय के डाक विभाग की ओर से 16 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के मुताबिक, इस बोनस का लाभ पात्र मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), ग्रुप C और नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारियों को मिलेगा।
इसके अलावा पात्र ग्रामीण डाक सेवकों (GDS) को एक्स-ग्रेशिया बोनस और निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले कैजुअल कर्मचारियों को एड-हॉक बोनस दिया जाएगा। बोनस की गणना के लिए मासिक वेतन की अधिकतम सीमा 7,000 रुपये रखी गई है। इस आधार पर नियमित कर्मचारियों और पात्र GDS को अधिकतम लगभग 13,816 रुपये मिल सकते हैं। हालांकि, वास्तविक राशि कर्मचारी के औसत वेतन और सेवा अवधि पर निर्भर करेगी।
डाक विभाग के आदेश के अनुसार, बोनस के दायरे में कई श्रेणियों के कर्मचारी शामिल हैं। इनमें मल्टी टास्किंग स्टाफ, ग्रुप C कर्मचारी और नॉन-गजेटेड ग्रुप B कर्मचारी आते हैं। नियमित रूप से कार्यरत पात्र ग्रामीण डाक सेवकों को भी एक्स-ग्रेशिया बोनस दिया जाएगा। इसके साथ ही निर्धारित सेवा शर्तें पूरी करने वाले फुल-टाइम कैजुअल लेबर और टेम्पररी स्टेटस कैजुअल लेबर को एड-हॉक बोनस मिलेगा। जिन कर्मचारियों ने वित्त वर्ष के दौरान कुछ अवधि तक ही काम किया है, उनकी बोनस राशि सेवा अवधि के अनुपात में तय की जा सकती है। इसलिए सभी कर्मचारियों को एक समान रकम मिलना जरूरी नहीं है।
रिटायर हो चुके कर्मचारियों को भी मिल सकता है लाभ
डाक विभाग के आदेश में वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान सेवा से इस्तीफा देने, रिटायर होने या अन्य कारणों से सेवा छोड़ने वाले पात्र कर्मचारियों के लिए भी बोनस का प्रावधान बताया गया है। संबंधित नियमों के अनुसार, ऐसे मामलों में पात्रता और भुगतान की गणना की जाएगी। ग्रामीण डाक सेवकों के लिए भी कुछ परिस्थितियों में आनुपातिक एक्स-ग्रेशिया बोनस का प्रावधान है। वहीं, कैजुअल कर्मचारियों को निर्धारित कार्य-दिवस और सेवा संबंधी शर्तें पूरी करनी होंगी। कर्मचारियों को अपनी वास्तविक पात्रता और भुगतान राशि जानने के लिए संबंधित डाकघर या विभागीय कार्यालय से जारी आदेश की जानकारी लेनी चाहिए।
Also read: 'बच्चों को इंटरनेट से दूर नहीं रख सकते, यह उनका मौलिक अधिकार',सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला