Toilet On National Highway:नेशनल हाईवे पर लंबा सफर करते समय टोल प्लाजा के टॉयलेट की गंदगी से परेशान होना पड़ता है। लेकिन अब यात्री इस समस्या की शिकायत करके इनाम भी पा सकते हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने हाईवे पर स्वच्छता बढ़ाने के लिए ‘Clean Toilet Picture Challenge’ शुरू किया है। इसके तहत टोल प्लाजा पर गंदा शौचालय मिलने पर उसकी तस्वीर अपलोड कर शिकायत दर्ज की जा सकती है। शिकायत सही पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये का FASTag रिचार्ज दिया जाता है। NHAI ने इस अभियान को 30 जून 2027 तक बढ़ा दिया है। प्राधिकरण के अनुसार, 2026 में अब तक 429 यात्रियों को इस योजना के तहत इनाम दिया जा चुका है।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए यात्रियों को अपने स्मार्टफोन में Rajmargyatra ऐप का नवीनतम संस्करण डाउनलोड करना होगा। इसके बाद नेशनल हाईवे पर स्थित ऐसे टोल प्लाजा के शौचालय की साफ तस्वीर लेनी होगी, जहां गंदगी दिखाई दे रही हो। तस्वीर वास्तविक, स्पष्ट, जियो-टैग्ड और समय की जानकारी वाली होनी चाहिए। इसके बाद ऐप के जरिए तस्वीर अपलोड करके शिकायत दर्ज करनी होगी। शिकायत के दौरान अपना नाम, टॉयलेट की लोकेशन, वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी देनी होगी।
किन लोगों को मिलेगा ₹1,000 का इनाम?
NHAI के मुताबिक, शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद पात्र वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर से जुड़े FASTag में 1,000 रुपये का रिचार्ज किया जाएगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि यह रकम नकद नहीं दी जाती। साथ ही, एक वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर को पूरी योजना अवधि में केवल एक बार इनाम मिल सकता है। अगर एक ही टॉयलेट की शिकायत एक दिन में कई लोग करते हैं, तो केवल पहली वैध शिकायत पर ही इनाम के लिए विचार किया जाएगा। तस्वीर एडिट की हुई, डुप्लिकेट या पहले से जमा की गई नहीं होनी चाहिए।
हर टॉयलेट पर लागू नहीं है यह योजना
इस योजना के तहत केवल उन्हीं शौचालयों की शिकायत मान्य होगी, जो NHAI के अधिकार क्षेत्र में आते हैं और टोल प्लाजा पर बने हैं या जिनका रखरखाव संबंधित प्राधिकरण के तहत होता है। पेट्रोल पंप, ढाबों और अन्य निजी सुविधाओं के टॉयलेट इस योजना में शामिल नहीं हैं। शिकायतों की जांच के लिए AI आधारित स्क्रीनिंग और जरूरत पड़ने पर मैनुअल सत्यापन किया जाता है। इसलिए फोटो अपलोड करते समय सही लोकेशन और जरूरी विवरण देना महत्वपूर्ण है। हाईवे पर स्वच्छता बनाए रखने की इस पहल के जरिए यात्री न केवल इनाम पाने का मौका हासिल कर सकते हैं, बल्कि अन्य यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने में भी योगदान दे सकते हैं।
Also read: नई Renault Duster Hybrid लॉन्च, शानदार माइलेज और दमदार इंजन से करेगी मुकाबला