
नई दिल्ली: ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ IIका आज अंतिम संस्कार किया जाएगा। ऐतिहासिक वेस्टमिंस्टर हॉल में सोमवार को होने वाले ब्रिटेन के सबसे लंबे समय तक राज करने वाली महारानी एलिजाबेथ के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए दुनिया के कई नेता, रॉयल्टी और अन्य गणमान्य व्यक्ति लंदन पहुंचे हैं। इसका लाइव प्रसारण किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न पार्कों में बड़ी-बड़ी स्क्रीन लगाई गई हैं। महारानी की अंतिम विदाई को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।
आपको बाता दे कि आज सुबह 10.44 बजे महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का ताबूत पैलेस ऑफ वेस्टमिंस्टर से वेस्टमिंस्टर एब्बे तक ले जाया जाएगा। इसके बाद सुबह 11 बजे वेस्टमिंस्टर एब्बे में महारानी के अंतिम संस्कार की रस्में होंगी। इसके बाद करीब 11:55 बजे 2 मिनट का मौन रखा जाएगा।
पति से होगी मुलाकात
इसके बाद एक सार्वजनिक जुलूस निकाल जाएगा, जो कि दोपहर 12.15 बजे शुरू होगा। महारानी का शाही ताबूत लंदन में वेस्टमिंस्टर एब्बे से वेलिंगटन आर्क ले जाया जाएगा। जुलूस ब्रॉड सैंक्चुअरी, पार्लियामेंट स्क्वायर, व्हाइटहॉल, हॉर्स गार्ड्स परेड, हॉर्स गार्ड्स रोड, द मॉल और कॉन्स्टिट्यूशन हिल से होकर गुजरेगा। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के ताबूत को अल्बर्ट मेमोरियल तक ले जाया जाएगा। इसके बाद विंडसर का सफर शुरू होगा। सोमवार शाम को राजकीय सम्मान और शाही रस्मों के साथ दिवंगत महारानी को किंग जॉर्ज VI मेमोरियल चैपल में उनके दिवंगत पति प्रिंस फिलिप के बराबर में दफनाया जाएगा।
आपको बता दे कि, महारानी का अंतिम संस्कार का सीधा प्रसारण ब्रिटेन के सिनेमा घरों में भी किया जाएगा। संस्कृति, मीडिया और खेल विभाग (DCMS) ने कहा कि लंदन के हाइड पार्क, शेफील्ड के कैथेड्रल स्क्वायर, बर्मिंघम के शताब्दी स्क्वायर, कार्लिस्ले के बिट्स पार्क, एडिनबर्ग के होलीरूड पार्क और उत्तरी आयरलैंड में कोलेराइन टाउन हॉल सहित देश भर में बड़े स्क्रीन लगाए जाएंगे। साथ ही सोमवार को पूरे ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। ब्रिटेन में सिनेमाघर भी अंतिम संस्कार दिखाने की तैयारी कर रहे हैं।
Leave a comment