
नई दिल्ली: ब्रिटेन में सबसे लंबे समय तक शासन करने वाली महारानी एलिजाबेथ का निधन गुरुवार को हुआ। स्कॉटलैंड के एस्टेट में उन्होंने अंतिम सांस ली। 96 साल की ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ के निधन के साथ ही अनौपचारिक तौर पर किंग चार्ल्स तृतीय को राजा निक्युत कर दिया गया था। आज यानि शनिवार को ब्रिटेन में आधिकारिक रूप से महाराज किंग चार्ल्स तृतीय को नया सम्राट घोषित कर दिया।
लंदन के सेंट जेम्स पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई है। 73 साल के किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी के बाद समारोह में मौजूद नए लोगों ने अपने नए सम्राट का अभिवादन किया। महाराज किंग चार्ल्स तृतीय ने अपनी ताजपोशी के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि "मैं आज आपसे बहुत दुखभरी भावनाओं के साथ बात कर रहा हूं। पूरी ज़िंदगी महारानी, मेरी प्यारी मां, मेरे और मेरे पूरे परिवार के लिए प्रेरणास्रोत और मिसाल रहीं। हम उनके प्यार, लगाव, मार्गदर्शन, समझ और मिसाल बनने के लिए उनके दिल से कर्ज़दार हैं जैसा कि कोई भी परिवार अपनी मां के लिए होता है।"
प्रिंस चार्ल्स का पूरा नाम चार्ल्स फिलिप आर्थर जॉर्ज है। जो प्रिंस फिलिप और एलिजाबेथ द्वितीय के बड़े बेटे हैं। चार्ल्स का जन्म 14 नवंबर 1948, बकिंघम पैलेस में हुआ था। चार्ल्स ने 29 जुलाई, 1981 को लेडी डायना स्पेंसर से शादी की थी। दोनों के दो बेटे विलियम और हैरी हैं। 1996 में चार्ल्स और डायना दोनों अलग हो गए थे। 1997 में पेरिस में हुए एक कार हादसे में प्रिंसेस ऑफ वेल्स डायना की मौत हो गई। बाद में नौ अप्रैल, 2005 को चार्ल्स ने कैमिला पार्कर से शादी कर ली थी। महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद चार्ल्स को राजा घोषित कर दिया गया है। चार्ल्स अभी 73 वर्ष के हैं। चार्ल्स के राजा बनने के बाद उनके बड़े बेटे ड्यूक ऑफ कैंब्रिज प्रिंस विलियम अब वेल्स के राजकुमार कहलाएंगे।
किंग चार्ल्स-3 की ताजपोशी के साथ ही ब्रिटेन में एक युग का आगाज हो गया है। बता दें कि महारानी के निधन से शोक में झुके ध्वज नए महाराज के राज्याभिषेक के साथ ही पूरी तरह फहरा दिए गए। ऐसा पहली बार हुआ जब इस कार्यक्रम को टेलीविजन पर प्रसारित किया गया। राज्याभिषेक में शामिल कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री, न्यायाधीश और चर्च ऑफ इंग्लैंड से लोग थे। अब ब्रिटेन का राष्ट्रगान बदलेगा। इसके साथ ही अब प्रिंस ऑफ वेल्स भी बदल जाएगे। अब किंग चार्ल्स-3 राजनीतिक मामलों में अपनी कोई टिप्पणी नहीं कर पाएंगे। ब्रिटेन के नए सम्राट किंग चार्ल्स को अब वोटर कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की जरूरत नहीं होगी।
Leave a comment