Bihar News: बिहार के सिवान से पटाखा बनाने के दौरान एक मकान में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाका इतना भीषण था कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद अब तक 5 लोगों की मौत हो गई। सीवान के पुलिस अधीक्षक (SP) भारत सोनी ने बताया कि सिविल सर्जन ने मेडिकल टीम के आकलन के आधार पर पांच शव मिलने की पुष्टि की है। वहीं, मलबे में एक और शव होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अन्य जांच टीमें मौके पर मौजूद हैं और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, घटना के समय घर में करीब सात से आठ लोग मौजूद थे। इनमें एक युवती और दो महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, पांच लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो से तीन लोगों के घर के बाहर होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। हालांकि, मृतकों और लापता लोगों की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
FSL और BDDS टीम ने संभाला मोर्चा
सीवान के SP भारत सोनी ने बताया कि फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई है। आग पूरी तरह बुझा दी गई है और पूरे घर की बारीकी से तलाशी ली जा रही है। इसके अलावा, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है। इलाके का सर्वे करने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है।
SP के मुताबिक, पुलिस FIR दर्ज करने की प्रक्रिया में है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आएगी। सिविल सर्जन की टीम को मलबे में एक और शव मिलने की आशंका है, जिसके चलते तलाशी अभियान जारी है।
जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच के लिए महाराजगंज के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित करने का निर्देश दिया है। टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी और जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाएगी।
थाना स्तर पर लापरवाही के आरोप में दो पुलिसकर्मी सस्पेंड
इस मामले में पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई भी की है। जामो बाजार थाना के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) और स्थानीय चौकीदार चंद्रिका मांझी को कथित लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।