Search KhabarFast

Press ESC to close

Bihar News: बिहार के 2 करोड़ से अधिक युवाओं तक पहुंचेगी डॉ. हेडगेवार की विचारधारा, CM सम्राट चौधरी ने बताई योजना

Bihar News: बिहार के 2 करोड़ से अधिक युवाओं तक पहुंचेगी डॉ. हेडगेवार की विचारधारा, CM सम्राट चौधरी ने बताई योजना

Bihar News: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित बापू सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित भव्य महानाट्य ‘संघ सृजन का आविष्कार युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ के मंचन कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। नादब्रह्म संस्था, नागपुर द्वारा निर्मित इस महानाट्य के अवसर पर मुख्यमंत्री ने डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नाट्य का अवलोकन किया।

कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार द्वारा आयोजित इस भव्य नाट्य प्रस्तुति का उद्देश्य राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक एवं प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन, संघर्ष, त्याग, समर्पण, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान और विचारों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करना है।

राष्ट्रभक्ति, त्याग और अनुशासन के मूल्यों को दर्शाता है महानाट्य: CM

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज का दिन हम सभी के लिए ऐतिहासिक है। डॉ. हेडगेवार के जीवन पर आधारित इस महानाट्य के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, त्याग, अनुशासन और समाज सेवा जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. हेडगेवार एक स्वतंत्रता सेनानी, विचारक और कुशल संगठनकर्ता थे, जिन्होंने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर संगठन और राष्ट्रसेवा की ऐसी परंपरा विकसित की, जो आगे चलकर देशभर में विस्तारित हुई। संघ की शाखाओं के माध्यम से इससे जुड़े लोग राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रसार के लिए निरंतर कार्य करते रहे हैं।

विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। भारत को समृद्ध, उन्नत और विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि डॉ. हेडगेवार के जीवन, संघर्ष, विचारों और संकल्प को समझने के लिए यह महानाट्य एक महत्वपूर्ण माध्यम है। बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं। नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी (Gen Z) को डॉ. हेडगेवार के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और विचारों से अवगत कराना आवश्यक है।

बिहार के अन्य जिलों में भी होगा महानाट्य का मंचन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इस महानाट्य का मंचन केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बिहार के अन्य जिलों में भी इसका आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं तक इस प्रस्तुति को पहुंचाना और उन्हें इससे प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार डॉ. हेडगेवार के जीवन और विचारों से लोगों को परिचित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

कई गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में रहे मौजूद

इस अवसर पर महानाट्य के निर्माता पद्माकर धानोरकर ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी।

इस अवसर पर सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार भाजपा संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव श्री प्रणव कुमार, पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave Your Comments



संबंधित समाचार

5 साल पहले प्रेम विवाह, फिर खूनी अंजाम! पत्नी को मारकर रातभर शव के पास रहा पति, सुबह मिटाए सबूत

MP News: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। कोतमा थाना क्षेत्र के ग्राम रेउसा के टीकई टोला में चरित्र पर संदेह के चलते पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी रातभर पत्नी के शव के साथ सोता रहा। सुबह होने पर उसने शव को दूसरे कमरे में रख दिया और साक्ष्य छिपाने के लिए पूरे घर में गोबर से लिपाई कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

हरियाणा में बिजली लाइसेंस विवाद पर सरकार का अगला कदम क्या? अनिल विज ने बताया पूरा प्लान

Haryana News: हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग द्वारा निजी कंपनी को समानांतर बिजली लाइसेंस देने संबंधी निर्णय का राज्य सरकार ने पहले दिन से ही विरोध किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने इस संबंध में किसी निजी कंपनी से आवेदन आमंत्रित नहीं किए थे। हालांकि, विद्युत अधिनियम, 2003 में ऐसा प्रावधान है, जिसके तहत संबंधित कोई भी व्यक्ति आयोग के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

लाइव अपडेट

बड़ी खबरें

Khabar Fast