Karnal Encounter: हरियाणा के करनाल में पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। थाना बुटाना क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए करनाल के जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोपी की उम्र करीब 22 से 23 साल बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, करनाल पुलिस की CIA टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि अनिल नाम का एक अपराधी शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए।
सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, जब आरोपी को सरेंडर करने के लिए कहा गया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे काबू में लेकर इलाज के लिए करनाल के जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
Also read: हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, CM सैनी और मंत्री विज से बैठक में बनी सहमति
आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पहले किन-किन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के बाद मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच जारी है। पूछताछ में आरोपी के संभावित आपराधिक नेटवर्क और किसी बड़ी वारदात की योजना से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।