
Patna AIIMS Doctor's Strike: बिहार के पटना के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टर्स आज शुक्रवार को हड़ताल पर हैं। जिसके चलते अस्पताल की OPD और इमर्जेंसी सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। इस हड़ताल के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, हड़ताल का मुख्य कारण बिहार के विधायक चेतन आनंद के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला बताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, शिवहर से विधायक चेतन आनंद, उनकी पत्नी डॉ. आयुषी सिंह और उनके सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों द्वारा अस्पताल परिसर में जबरन प्रवेश करने और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ मारपीट के चलते ये हड़ताल की गई है। इस घटना के बाद डॉक्टरों ने एकजुट होकर विरोध जताने का फैसला लिया। डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं उनकी सुरक्षा और सम्मान को खतरे में डालती हैं, जिसके खिलाफ वे सख्त कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। इस मामले ने इतना तूल पकड़ा कि डॉक्टरों ने OPD के साथ आपातकालीन सेवाओं को भी बंद करने का फैसला लिया, जो आमतौर पर हड़ताल के दौरान चालू रहती हैं।
डॉक्टरों ने इस हड़ताल के जरिए अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वे चाहते हैं कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके अलावा डॉक्टरों ने अस्पताल प्रशासन और सरकार से उनकी कार्यस्थिति को बेहतर बनाने और सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम करने की अपील की है।
मरीजों को हुई परेशानी
मालूम हो कि इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर उन मरीजों पर पड़ रहा है जो पटना एम्स पर निर्भर हैं। OPD बंद होने से हजारों मरीजों को बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है, जबकि इमरजेंसी सेवाओं के ठप होने से गंभीर मरीजों की स्थिति और भी नाजुक हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल के बाहर लंबी कतारें लगी हैं। जिस वजह से कई मरीज बिना उपचार के अन्य अस्पतालों की ओर रुख करने को मजबूर हैं।
Leave a comment