
Bihar Crime News: बिहार के कटिहार जिले में आज रविवार सुबह गंगा नदी में एक बड़ा नाव हादसा हो गया। यहां गोलाघाट से झारखंड के सकरी गली की ओर जा रही एक नाव बीच नदी में पलट गई। मिली जानकारी के अनुसार, नाव पर करीब 17लोग सवार थे। जिसमें से तीन लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। वहीं कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, आज रविवार सुबह करीब 8:30बजे डेंगी नाव गोलाघाट से सकरी गली के लिए रवाना हुई। लेकिन अचानक नदी के बीच धारा में पहुंचते ही नाव का संतुलन बिगड़ गया। जिससे नाव पलट गई। हादसे के बाद यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोग तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे, लेकिन कई यात्री डूब गए।
बताया जा रहा है कि सभी लोग दक्षिणी करिमुल्लापुर के मेघू घाट से नाव में सवार हुए थे और गद्दाई दियारा जा रहे थे। नाव हादसे की सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस भी मौके पर पहुंची है। लापता लोगों की तलाश की जा रही है।
राहत और बचाव कार्य शुरू हुआ
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। बचाव कार्य के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। अब तक 3शव बरामद किए गए हैं। जिनमें एक बच्चे का शव भी शामिल है। जबकि चार लोगों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने क्या कहा?
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। जिसके चलते नाव का संतुलन बिगड़ गया। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। घटना ने नावों की सुरक्षा और क्षमता से अधिक भार उठाने की समस्याओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Leave a comment