नई दिल्ली: इस समय पूरा देश कोरोना वायरस पर लॉकडाउन का दंश झेल रहा है. अभी लॉकडाउन में कहीं भी छूट नहीं दी जा रही है. दिल्ली में भी लॉकडाउन का सख्ती से पालन किया जा रहा है लेकिन, इस सख्ती के बीच सरकार ने आजादपुर मंडी पर बड़ा पैसला लिया है. सरकार ने मंडी को 24 घंटे खोलने का फैसला लिया है. मंगलवार से आजादपुर मंडी 24 घंटे तक खुली रहेगी. जिसमें सुबह 6बजे से रात 10बजे तक, सब्जियां और फल बेचे जाएंगे, जबकि रात 10बजे से सुबह 6बजे तक बाजार में ट्रकों के आवाजाही की अनुमति होगी. मंडी में हर 4घंटे में 1000लोगों के प्रवेश की अनुमति होगी.
बता दें कि प्रशासन के इस फैसले के बाद अब व्यापारी 21अप्रैल से सब्जियों और फलों की खरीद-बिक्री कर सकेंगे. इसके पहले एक व्यापारी को एक दिन में एक ट्रक से अधिक सामान मंगवाने पर रोक लगा दी गई थी. हालांकि, मंडी में कामकाज के दौरान कोरोना वायरस के संक्रमण रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग और आने-जाने वालों को सैनिटाइज करने का काम जारी रहेगा. इसकी पूरी व्यवस्था की गई है.
ध्यान देने वाली यह बात है कि इस मंडी को खोलने के लिए कुछ शर्तें रहेगी. जिसका सख्ती से पालन किया जाएगा. खरीद-बिक्री के लिए टोकन मिलेंगे. मंडी में सुबह 1,000 टोकन वितरित किए जाएंगे. इन टोकन के साथ मंडी में जाने की इजाजत होगी. इसके चार घंटे के बाद दोबारा एक हजार टोकन दूसरे व्यापारियों को दिए जाएंगे. इसी प्रकार हर तीन घंटे के बाद एक-एक हजार टोकन दिए जाएंगे जबकि अपना काम खत्म कर चुके व्यापारी अपना टोकन जमा कराते रहेंगे, जिसे बाद में दूसरे व्यापारियों को दिया जाएगा.
बताते चले कि यह मंडी देश की ही नहीं बल्कि, एशिया की सबसे बड़ी फल सब्जी की मंडी है. जिससे पूरे देश का फल सब्जी का कारोबार किया जाता है. इस समय कोरोना वायरस को लेकर पूरे देश में लॉकडाउन लगाया गया है. देश में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे है. इस समय कोरोना के 16 हजार से ज्यादा संक्रमित केस है. 543 लोगों की मौत भी हो गई है.