
ओकलाहोमा: अमेरिका के ओकलाहोमा में अस्पताल को हमलावर ने निशाना बना कर अंधाधुंध फायरिंग की। इस फायरिंग में 5 लोगों की मौत हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हमलावर की भी मौत हो गई। अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन ओपन फायरिंग की घटना सामने आ रही हैं। तुलसा स्थित एक अस्पताल परिसर में युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें 5 लोगों की मौत हो गई।
पुलिस ने शाम 6 बजे (स्थानीय समयानुसार) से ठीक पहले एक फेसबुक पोस्ट में कहा, 'अधिकारी वर्तमान में इमारत के हर कमरे से अतिरिक्त खतरों की जांच कर रहे हैं।' पुलिस ने आगे कहा कि हम जानते हैं कि कई चोटें हैं, और संभावित रूप से कई हताहत हुए हैं। म्यूलेनबर्ग ने यह भी कहा कि कई लोग घायल हो गए और चिकित्सा परिसर में एक विनाशकारी दृश्य को महसूस किया गया है। दर्जनों पुलिस की गाड़ियों को अस्पताल परिसर के बाहर देखा गया है और जांच के चलते अधिकारियों ने यातायात बंद कर दिया है।
कैप्टन रिचर्ड म्यूलेनबर्ग ने एबीसी को बताया कि पुलिस को मेडिकल परिसर में एक इमारत की दूसरी मंजिल पर राइफल वाले एक व्यक्ति के बारे में एक कॉल आया और उसने गोलीबारी शुरू कर दी। जब तक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, उन्होंने पाया कि कुछ लोगों को गोली मार दी गई है। उस समय एक कपल की मौत भी हो गई थी। साथ ही यह भी जानकारी दी कि शूटर की मौत के कारणों का पता अभी नहीं चल सका है।
बीते मंगलवार को भी अमेरिका में पार्किंग विवाद को लेकर गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई थी। वहीं दो लोग घायल हो गए थे। इसके अलावा टेक्सास में हुई गोलीबारी में 21 छात्रों की मौत हो गई थी। गोलीबारी की इस घटना ने पूरी दुनिया को सकते में डाल दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस घटना के बाद गन पॉलिसी को बदलने को लेकर अपील की थी।
Leave a comment