Aaj Ka Mausam 07 August 2026: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को उत्तर, पूर्व, पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट भी किया गया है। लगातारी बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। वहीं दूसरी तरफ लोगों को जलभराव, बाढ़ जैसी स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
उत्तर और पूर्वी भारत मानसून पूरी तरह से एक्टीव हो गया है। IMD के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दूसरी ओर, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं। बिहार और झारखंड में कुछ जगहों पर भारी बारिश, जबकि ओडिशा में भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट
पूर्वोत्तर, मध्य और दक्षिण भारत में भी मानसून का असर बना हुआ है। IMD के अनुसार, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कई इलाकों में बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी कई जगह बारिश के आसार हैं, वहीं पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण-गोवा में व्यापक वर्षा, गुजरात में बिखरी बारिश तथा केरल और तटीय कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के अन्य हिस्सों में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने कई राज्यों में बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियों की आशंका जताते हुए लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।