Aaj Ka Mausam 04 September 2026: मानसून की सक्रियता के बीच देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 सितंबर यानी आज दिल्ली-हरियाणा समेत देश के करीब 20 राज्यों में भारी से तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देश के कई राज्यों में लगातार बारिश की वजह से कई नदियों का जलस्तर बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
मौसम विभाग ने आज यानी 4 सितंबर को यूपी, दिल्ली, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, असम, नागालैंड, तेलंगाना, केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु समेत 20 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई है। इस दौरान कई इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में आज यानी 4 सितंबर को मौसम खराब रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी, जौनपुर, बांदा, ललितपुर, फिरोजाबाद, आजमगढ़, हमीरपुर और देवरिया में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी है। राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ रहने की संभावना है। उत्तराखंड के बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, उत्तरकाशी, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में आज यानी 4 सितंबर को भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। देहरादून में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में 4 और 5 सितंबर को शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, बिलासपुर, मंडी, सोलन और लाहौल-स्पीति समेत कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है, जहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मनाली में अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दूसरी ओर, जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग, कठुआ, पुंछ, जम्मू, बारामूला, उधमपुर, किश्तवाड़, राजौरी, गांदरबल, शोपियां और कुलगाम में बारिश के साथ गरज-चमक होने की आशंका है।