Aaj Ka Mausam: मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। लोगों को सुबह और शाम के समय हल्की-हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर को दिल्ली समेत 15 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही इस दौरान 60 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी जताया गया है।
मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर को देश के 15 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रभावित राज्यों की लिस्ट में राजधानी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, सिक्किम, ओडिशा और असम शामिल हैं। इन राज्यों के कई इलाकों में मौसम बिगड़ने और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आज मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ सकता है। 7 अक्टूबर को दिल्ली में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है, इस दौरान हवाएं करीब 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, प्रयागराज, गौतमबुद्ध नगर और गोरखपुर में तेज बारिश के साथ आंधी का अलर्ट है।
हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का असर आज काफी तेज देखने को मिल सकता है। हिमाचल के सोलन, मंडी, कुल्लू, हमीरपुर, किन्नौर, बिलासपुर और कांगड़ा में आंधी के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जहां हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान 8 डिग्री और न्यूनतम 0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं उत्तराखंड के नैनीताल, ऋषिकेश, हरिद्वार, उत्तरकाशी, बागेश्वर, चंपावत और चमोली में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं का अलर्ट है।