
MS Dhoni Injured: आईपीएल में खिलाड़ी के चोटिल होने की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है। इस लिस्ट में अब धोनी का नाम भी जुड़ गया है। चेन्नई सुपर किंग्स के रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी कम से कम चार मैचों से बाहर हो गए हैं। वह दो हफ्तों तक नहीं खेल पाएंगे। ये खबर चेन्नई के फैंस के लिए बड़ा झटका है।
दरअसल, शनिवार यानी 28 मार्च को सीएसके फ्रेंचाइजी ने पुष्टी की है कि धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर रहेंगे। इस दौरान वह अपनी फिटनेस पर ध्यान देंगे। साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स की मेडिकल उनका देखभाल करेगी।
चेन्नई को खलेगी धोनी की कमी
44 साल के एम एस धोनी लगभग 7 साल पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं लेकिन आईपीएल में अभी खेलते हुए नजर आते हैं। भले ही वह बल्लेबाजी करने के लिए मध्यम क्रम में आते हो लेकिन, ग्राउंड पर उनकी मौजूदगी ही विपक्षी टीम के लिए चिंता का कारण होती है। ऐसा इसलिए क्योंकि धोनी की रणनीति का जवाब आज भी विपक्षी टीम के पास नहीं है। चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ जरूर हैं लेकिन, वह भी धोनी की छत्रछाया में ही टीम की अगुवाई कर रहे हैं। अब ये देखने वाली बात होगी की धोनी कब तक फीट होते हैं।
कौन करेगा विकेटकीपिंग
धोनी की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन संभाल सकते हैं या फिर उर्विल पटेल को मौका मिल सकता है। चेन्नई के लिए अच्छी बात ये है कि संजू सैमसन भी शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। हाल ही में समाप्त हुए टी20 विश्व कप के अंतिम तीन मुकाबलों में उन्होंने 3 अर्धशतक लगाए थे। फाइनल में भी उन्होंने अर्धशतकीय पारी खेली थी। इसके अलावा वह टीम इंडिया के लिए विकेटकीपिंग भी कर रहे थे। ऐसे में इस बात की संभावना ज्यादा है कि संजू सैमसन ही धोनी की गैरमौजूदगी में विकेटकीपिंग करते नजर आए।
Leave a comment