सानिया-बोपन्ना मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में

सानिया-बोपन्ना मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में

रियो डी जेनेरियो : भारत की सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोड़ी ने रियो ओलिंपिक में टे‍निस में मिक्स्ड डबल्स इवेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। चौथी वरीयता प्राप्त सानिया-बोपन्ना ने पहले दौर में ऑस्ट्रेलिया की समांथा स्टॉसर और जोनाथन पीयर्स की जोड़ी को सीधे सेटों में 7-5, 6-4 से हराया।

पहले यह मुकाबला बुधवार को होने वाला था, लेकिन बारिश और खराब मौसम के चलते इसे गुरुवार के लिए टाल दिया गया था। पहले सेट में आठवें गेम तक दोनों जोडियों ने अपनी-अपनी सर्विस बरकरार रखी। भारतीय जोड़ी ने नौवें गेम में पीयर्स की सर्विस भंगकर सेट में 5-4 की बढ़त बनाई।

अब सेट जीतने के लिए बोपन्ना को अपनी सर्विस बरकरार रखनी थी, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए और स्कोर 5-5 हो गया। भारत ने फिर स्टॉसर की सर्विस भंग करते हुए 6-5 की बढ़त बनाई। इसके बाद सानिया ने अपना सर्विस गेम जीतने के साथ ही इस सेट पर 7-5 से कब्जा जमाया।

भारतीय जोड़ी ने दूसरे सेट के पांचवें गेम में पीयर्स की सर्विस भंग करते हुए 3-2 की बढ़त बनाई। इसके बाद बोपन्ना ने सर्विस बरकरार रखते हुए स्कोर 4-2 कर दिया। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और यह सेट 6-4 से अपने नाम करते हुए यह मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

मिक्स्ड डबल्स इवेंट में तीन मुकाबले जीतने पर पदक पक्का हो जाएगा। वैसे तो दो राउंड जीतने के बाद भी कांस्य पदक हासिल किया जा सकता है।

Leave a comment