
ग्रॉस आइलेट : भारत और वेस्टइंडीज के बीच यहां खेले जा रहे सीरीज के तीसरे टेस्ट में भारत की पहली पारी 353 पर समाप्त हुई। जवाब में वेस्टइंडीज ने भी दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 107 रन बना लिए हैं। मैच पर पकड़ मजबूत करने के लिए अब भारतीय गेंदबाजों को कमाल दिखाना होगा।
इससे पहले रविचंद्रन अश्विन (118) और रिद्धिमान साहा (104) के शतकों और उनके बीच हुई रिकॉर्ड साझेदारी की मदद से भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे टेस्ट में पहली पारी में सुखद स्कोर बनाया।
यह अश्विन का चौथा टेस्ट शतक है और इस सीरीज में लगातार दूसरा शतक है। उन्होंने चारों शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ बनाए हैं। साहा ने टेस्ट क्रिकेट में पहला शतक बनाया।
भारत ने दूसरे दिन सुबह 234/5 से आगे खेलना शुरू किया और घरेलू गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसाए रखा। साहा ने 46 रनों से आगे खेलना शुरू किया और 135 गेंदों में अर्द्धशतक पूरा किया। इससे पहले मंगलवार को भारत ने 126 रनों पर पांचवां विकेट खो दिया था, इसके बाद से अश्विन और साहा पारी को संभालने में जुटे हुए हैं।
अश्विन ने रोस्टन चेज की गेंद पर छक्का लगाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 265 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से शतक पूरा किया। इसके कुछ देर बाद साहा ने चेज की गेंद पर 2 रन लेते हुए अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया।
उन्होंने 223 गेंदों में 12 चौकों की मदद से यह शतक बनाया। जोसेफ ने साहा को विकेटकीपर डॉवरिच के हाथों झिलवाया। उन्होंने 227 गेंदों में 13 चौकों की मदद से 104 रन बनाए। साहा ने अश्विन के साथ छठे विकेट के लिए रिकॉर्ड 213 रनों की भागीदारी की।
यह भारत की तरफ से वेस्टइंडीज के खिलाफ छठे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। उन्होंने सुनील गावस्कर-रवि शास्त्री का रिकॉर्ड तोड़ा। यह भारत की तरफ से छठे विकेट के लिए किसी भी देश के खिलाफ दूसरी बड़ी साझेदारी है।
इसके बाद मिगुएल कमिंस ने रवींद्र जडेजा को विकेटकीपर डॉवरिच के हाथों झिलवाकर सीरीज में पहली सफलता हासिल की। गेब्रिएल ने भुवनेश्वर कुमार को खाता भी नहीं खोलने दिया और उनकी उठती हु गेंद को भुवी शॉर्ट लेग पर लियोन जॉनसन के हाथों में खेल बैठे। अश्विन की शानदार शतकीय पारी का अंत कमिंस ने उन्होंने ब्लैकवुड के हाथों झिलवाकर किया।
कमिंस की शॉर्ट पिच गेंद को अश्विन ठीक से खेल नहीं पाए और गली में ब्लैकवुड ने आसान कैच लपका। उन्होंने 297 गेंदों में 6 चौकों और 1 छक्के की मदद से 118 रन बनाए। कमिंस ने शॉर्ट पिच गेंद पर ईशांत शर्मा को जॉनसन के हाथों झिलवाया और भारत की पारी 353 पर समाप्त हुई। कमिंस ने 54 पर 3 और जोसेफ ने 69 रनों पर 3 विकेट लिए। गेब्रिएल और चेज को 2-2 विकेट मिले।
Leave a comment