
US Siezes Venezuela President Plane:अमेरिका ने वेनेजुएला के विवादित राष्ट्रपति निकोलस मादुरो का लग्जरी विमान डोमिनिकन रिपब्लिक से जब्त कर लिया है। अमेरिकी अधिकारियों ने इसे अमेरिका के फ्लोरिडा राज्य में ले जाकर जब्त किया। अमेरिका ने आरोप लगाया है कि इस विमान को फर्जी तरीके से खरीदा गया था और तस्करी करके इसे अमेरिका से बाहर ले जाया गया। अमेरिका ने वेनेजुएला पर कई प्रतिबंध लगाए हैं, जिनके तहत दोनों देशों के बीच किसी भी प्रकार का लेन-देन प्रतिबंधित है।
अमेरिकी अधिकारियों का बयान: शेल कंपनी और तस्करी का आरोप
अमेरिका के अटॉर्नी जनरल मेरिक गारलैंड ने पुष्टि की है कि अमेरिकी न्याय विभाग ने विमान को जब्त किया है। इस विमान की कीमत 13 मिलियन डॉलर (करीब 110 करोड़ रुपये) है। गारलैंड ने बताया कि मादुरो और उनके सहयोगियों ने पहचान छिपाकर और शेल कंपनी का इस्तेमाल कर इस विमान को अवैध तरीके से खरीदा और फिर तस्करी कर इसे अमेरिका से बाहर भेजा। अमेरिका ने इस धांधली का पता लगते ही जनवरी 2023 में विमान का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया था।
वेनेजुएला ने कैसे खरीदा था ये विमान?
अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, दसॉल्ट फाल्कन 900EX नामक यह विमान 2022 के अंत में फ्लोरिडा की एक कंपनी से खरीदा गया था। इसके लिए उन्होंने शेल कंपनी का इस्तेमाल किया और बाद में तस्करी कर अमेरिका से जाया गया।यह विमान मादुरो की विदेश यात्राओं के दौरान इस्तेमाल होता था और केवल वेनेजुएला की मिलिट्री बेस से ही उड़ान भरता था। रिकॉर्ड्स से पता चलता है कि विमान ने आखिरी बार मार्च में वेनेजुएला की राजधानी काराकस से डोमिनिकन रिपब्लिक की राजधानी सैंटो डोमिंगो के लिए उड़ान भरी थी।
वेनेजुएला की प्रतिक्रिया: अमेरिका पर ‘डकैती’ का आरोप
वेनेजुएला की सरकार ने अमेरिका की इस कार्रवाई को ‘डकैती’ करार दिया है। मादुरो सरकार का कहना है कि अमेरिका जुलाई में हुए चुनाव के बाद से उनके खिलाफ आक्रामकता बढ़ा रहा है। वेनेजुएला ने आरोप लगाया कि अमेरिकी अधिकारियों ने बलात्कारी तरीके से मादुरो के विमान को अवैध रूप से जब्त किया है और इसे एकतरफा तरीके से दुनिया भर में लागू करने की कोशिश की है।
अमेरिका-वेनेजुएला के बीच तनाव काफी पुराना
अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव का इतिहास काफी पुराना है, लेकिन हालिया विवाद राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के चुनावी नतीजों को लेकर है। मादुरो ने चुनाव जीतने का दावा किया है, जबकि विपक्ष ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। अमेरिका समेत कई देशों ने इन नतीजों को मान्यता नहीं दी है और चुनावी परिणामों को सार्वजनिक करने की मांग की है। वेनेजुएला में 28 जुलाई को हुए चुनाव के बाद विरोध प्रदर्शन जारी हैं और हाल ही में एक कोर्ट ने मादुरो सरकार गिराने की साज़िश के आरोप में विपक्षी नेता एडमुंडो गोंजालेज के खिलाफ अरेस्ट वारंट भी जारी किया है।
Leave a comment