PM मोदी के इंतजार में हैं राष्ट्रपति पुतिन, 5 साल बाद रूस यात्रा से पहले क्रेमलिन ने कही ये बात

PM मोदी के इंतजार में हैं राष्ट्रपति पुतिन, 5 साल बाद रूस यात्रा से पहले क्रेमलिन ने कही ये बात

PM Narendra Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सोमवार को रूस के दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे से पहले मॉस्को की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि रूस 'बेहद अहम दौरे' का इंतजार कर रहा है। वह इस यात्रा को भारत और रूस के आपसी संबंधों के लिए बेहद अहम मानते हैं। PMकरीब 5 साल बाद रूस के दौरे पर जा रहे हैं।

PMमोदी के मॉस्को पहुंचने से पहले रूस के राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास और कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने शनिवार को यह बात कही। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर PMमोदी 22वें भारत और रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वह 8 और 9 जुलाई को रूस की राजधानी मॉस्को में रहेंगे।

PMमोदी वैश्विक मुद्दों पर करेंगे चर्चा

इस उच्च स्तरीय यात्रा की जानकारी गुरुवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्रालय की ओर से दी गई और कहा गया कि दोनों शीर्ष नेता दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों की विस्तार से समीक्षा करेंगे। वे आपसी हित के समसामयिक क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूसी राज्य टेलीविजन वीजीटीआरके के साथ एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि दोनों नेता अन्य कार्यक्रमों के अलावा मॉस्को में अनौपचारिक वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा, ''जाहिर तौर पर एजेंडा व्यापक होगा भले ही इसे बहुत व्यस्त न कहा जाए। यह PMमोदी का आधिकारिक दौरा होगा और हमें उम्मीद है कि दोनों नेता अनौपचारिक तौर पर भी बात कर सकेंगे।'

पेसकोव ने कहा कि भारत और रूस के रिश्ते रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आमने-सामने की बातचीत और प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत दोनों क्रेमलिन में होंगी।

PMमोदी ने आखिरी बार 2019में किया था रूस का दौरा

आधिकारिक समाचार एजेंसी TASS ने भी उनके हवाले से कहा, "हम एक बहुत ही महत्वपूर्ण और पूर्ण यात्रा की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जो रूसी-भारत संबंधों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।" पिछले 5 साल में PMमोदी की यह पहली रूस यात्रा होगी। उन्होंने आखिरी बार 2019 में रूस का दौरा किया था, जब PMमोदी सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक में एक आर्थिक सम्मेलन में भाग लेने गए थे।

भारतीय प्रधानमंत्री और रूस के राष्ट्रपति के बीच वार्षिक शिखर सम्मेलन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी में सर्वोच्च संस्थागत संवाद तंत्र है। अब तक भारत और रूस में बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित किये जा चुके हैं। वार्षिक शिखर सम्मेलन आखिरी बार 6 दिसंबर, 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। तब राष्ट्रपति पुतिन शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आए थे।

 

Leave a comment