पुतिन की शांति वार्ता में देरी से बढ़ रही यूक्रेन पर हमले की आशंका, अमेरिकी सांसदों की चेतावनी

पुतिन की शांति वार्ता में देरी से बढ़ रही यूक्रेन पर हमले की आशंका, अमेरिकी सांसदों की चेतावनी

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में यूक्रेन ने रूस के पांच एयरबेस पर हमला किया।  इसी के साथ 40से ज्यादा रूसी बॉम्बर्स विमानों को तबाह किया गया। इसी बीच, अमेरिकी सांसदों ने चेतावनी दी है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शांति वार्ता में देरी करते हुए यूक्रेन को तबाह करने की तैयारी कर रहे हैं। अमेरिकी सांसदों ने बीते दिन पेरिस में द एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में कहा कि युद्ध का भविष्य अगले दो हफ्ते तय होगा।

बता दें, अमेरिकी सांसदों लिंडसे ग्राहम (रिपब्लिकन, साउथ कैरोलिना) और रिचर्ड ब्लूमेंथल (डेमोक्रेट, कनेक्टिकट) ने यह चेतावनी तब दी, जब दोनों सांसदों ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की और युद्ध से तबाह हुए क्षेत्रों का दौरा किया।

सीनेटरों की यूक्रेन यात्रा और चेतावनी

दरअसल, अमेरिकी सीनेटर ग्राहम और ब्लूमेंथल ने हाल ही में यूक्रेन का दौरा किया। जहां उन्होंने कीव और अन्य क्षेत्रों में रूसी बमबारी से हुए नुकसान को देखा। ग्राहम ने एक यूक्रेनी अधिकारियों के हवाले से बताया कि लगभग 20,000यूक्रेनी बच्चे रूस में जबरन निर्वासित किए गए हैं। वहीं, ब्लूमेंथल ने बुचा में सामूहिक कब्रों का जिक्र किया। जहां नागरिकों को सिर में गोली मारकर हत्या की गई थी।

यूक्रेन यात्रा के बाद दोनों सीनेटरों ने कहा कि यूरोप इस युद्ध में कड़ा रुख अपनाने को तैयार है। ऐसे में उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पुतिन को यूक्रेन में नहीं रोका गया, तो नाटो की संधि के दायित्वों के कारण एक दिन अमेरिकी सैनिकों को युद्ध में उतरना पड़ सकता है।

पुतिन कर रहे शांति वार्ता में देरी

अमेरिकी सीनेटरों का कहना है कि पुतिन जानबूझकर शांति वार्ता में देरी कर रहे हैं, ताकि रूस एक नए सैन्य हमले की तैयारी कर सके। ब्लूमेंथल ने कहा 'पुतिन राष्ट्रपति ट्रंप को बेवकूफ बना रहे हैं। वह बातचीत को लंबा खींचकर और अधिक क्षेत्र पर कब्जा करने की योजना बना रहे हैं।' वहीं, ग्राहम ने दावा किया कि उन्हें एक नए रूसी आक्रमण के कुछ सबूत मिले हैं।

Leave a comment