मोदी ने पुतिन के साथ यूक्रेन शांति पर की गहन चर्चा, दिया मानवता का संदेश

मोदी ने पुतिन के साथ यूक्रेन शांति पर की गहन चर्चा, दिया मानवता का संदेश

PM Modi-Putin Meet: 01 सितंबर को चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ एक महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक में पीएम मोदी ने यूक्रेन-रूस संघर्ष को समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा 'यूक्रेन में शांति का रास्ता खोजना पूरी मानवता की पुकार है।'

चीन में PM मोदी और पुतिन की बैठक

बता दें, यह मुलाकात ऐसे समय में हुई जब यूक्रेन में चल रहा युद्ध, जो फरवरी 2022 में शुरू हुआ था, वैश्विक स्तर पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है। पीएम मोदी ने पुतिन के साथ अपनी बातचीत में हाल के शांति प्रयासों का स्वागत किया और सभी पक्षों से रचनात्मक रूप से आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा 'हम लगातार यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर चर्चा करते रहे हैं। हम सभी हाल के शांति प्रयासों का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सभी पक्ष रचनात्मक रूप से आगे बढ़ेंगे। जल्द से जल्द संघर्ष को समाप्त करने और स्थायी शांति स्थापित करने का रास्ता खोजना होगा।'

इसके साथ पीएम मोदी ने भारत-रूस संबंधों की मजबूती पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों ने हमेशा कठिन समय में भी एक-दूसरे का साथ दिया है और यह साझेदारी न केवल दोनों देशों के लिए, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए भी महत्वपूर्ण है।

भारत की शांति के लिए भूमिका

भारत ने यूक्रेन-रूस संघर्ष में शुरू से ही तटस्थ रुख अपनाया है और बार-बार संवाद के माध्यम से शांति स्थापना की वकालत की है। पीएम मोदी ने हाल के महीनों में न केवल पुतिन, बल्कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ भी कई बार बातचीत की है। बता दें, 30 अगस्त को SCO शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले, मोदी ने जेलेंस्की के साथ फोन पर बात की थी, जिसमें उन्होंने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के पूर्ण समर्थन की पुष्टि की थी।  

Leave a comment