रूस में 7.4 तीव्रता का भूकंप, लगातार 3 झटकों ने मचाई दहशत; सुनामी का अलर्ट जारी

रूस में 7.4 तीव्रता का भूकंप, लगातार 3 झटकों ने मचाई दहशत; सुनामी का अलर्ट जारी

Earthquake in Russia: रूस के सुदूर पूर्वी क्षेत्र कामचात्का प्रायद्वीप में 20 जुलाई को सुबह 7.4 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया। इस भूकंप के बाद प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र (PTWC) ने कामचात्का प्रायद्वीप के लिए सुनामी का अलर्ट जारी कर दिया है। बता दें, इससे पहले भी रूस में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए, जिसकी तीव्रता 5.0 और 6.7 दर्ज की गई है। 

लगातार भूकंप के झटकों से दहशत

यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) की मानें तो  7.4 तीव्रता का यह भूकंप आज सुबह 08:49 GMT (स्थानीय समयानुसार सुबह 8:49 बजे) आया। इसका केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचात्स्की शहर से 144 किलोमीटर (89 मील) पूर्व में प्रशांत महासागर में था। इसकी गहराई 20 किलोमीटर (12 मील) थी। इस शहर की आबादी लगभग 1,80,000 है। भूकंप के कुछ मिनट पहले 6.7 तीव्रता का एक और झटका दर्ज किया गया, जबकि इससे पहले 5.0 तीव्रता का भूकंप भी आया था। इन लगातार झटकों ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। USGS ने चेतावनी दी कि भूकंप के केंद्र से 300 किलोमीटर (186 मील) के दायरे में तटवर्ती क्षेत्रों में खतरनाक सुनामी लहरें उठ सकती हैं। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़े नुकसान या हताहत की खबर नहीं आई है। 

सुनामी का अलर्ट जारी

प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने तुरंत कामचात्का के तटवर्ती क्षेत्रों के लिए सुनामी अलर्ट जारी किया। इसके साथ ही, हवाई में भी सुनामी की आशंका के चलते चेतावनी जारी की गई। जिसमें पहली लहरों के स्थानीय समयानुसार सुबह 2:43 बजे (HST) तक पहुंचने की संभावना जताई गई। हालांकि, बाद में हवाई के लिए सुनामी चेतावनी रद्द कर दी गई।

Leave a comment